दरभंगा जिले में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान संपन्न , डीएम व एसएसपी ने संयुक्त रूप से प्रेस को दी जानकारी,जिले में औसत मतदान 58.38 रहा।

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /गुड्डू राज 

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन, 2025 के अवसर पर दरभंगा जिले में मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न हुआ। मतदान समाप्ति के उपरांत जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–जिला पदाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी दी।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान सुचारू रूप से संपन्न हुआ।

प्राप्त प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार

कुशेश्वरस्थान में 60.73%, गौड़ाबौराम 50.80%, बेनीपुर 59.21%, अलीनगर 58.05%, दरभंगा ग्रामीण 58.20%, दरभंगा 58.29%, हायाघाट 56.53%, बहादुरपुर 60.24%, केवटी 62.06% एवं जाले 58.68% मतदान हुआ। जिले का औसत मतदान प्रतिशत 58.38% रहा।

उन्होंने बताया कि मॉक पोल के दौरान तकनीकी कारणों से 40 वीवीपैट, 20 बैलेट यूनिट (BU) एवं 19 कंट्रोल यूनिट (CU) प्रतिस्थापित की गईं। वहीं वास्तविक मतदान के दौरान 35 वीवीपैट, 06 सीयू और 07 बीयू बदले गए।

डीएम ने कहा कि मतदान कार्य पूर्णत: निष्पक्ष और शांतिपूर्ण रहा तथा कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई। उन्होंने बताया कि उन्होंने और वरीय पुलिस अधीक्षक ने आदर्श मध्य विद्यालय, लहेरियासराय स्थित मतदान केंद्र पर सपरिवार मतदान किया तथा आम मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान करने की अपील की।

दोनों अधिकारियों ने दिनभर जिले के कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया एवं संबंधित अधिकारियों को स्वच्छ, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने बताया कि जिले में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए सघन निगरानी रखी गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु 58 व्यक्तियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

अंत में, डीएम एवं एसएसपी ने जिलेवासियों, मतदानकर्मियों, सुरक्षा बलों एवं सभी विभागों के प्रति आभार व्यक्त किया जिन्होंने शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में सहयोग दिया। जिले के सभी 3329 मतदान केंद्रों पर मतदान सकुशल संपन्न हुआ।

इस अवसर पर सहायक समाहर्ता के. परीक्षित, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।