पहले मतदान, फिर जलपान : डीएम-एसएसपी ने परिवार संग किया मतदान, दिया शत-प्रतिशत मतदान का संदेश

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /गुड्डू राज

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत दरभंगा जिले में आज सुबह ठीक 7 बजे मतदान प्रक्रिया आरंभ होते ही उत्साह का माहौल देखने को मिला। जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लोकतंत्र के इस पर्व की गरिमा को प्रदर्शित कर रही थीं।

इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–जिला पदाधिकारी  कौशल कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेडडी जला रेडडी  ने भी अपने परिवार के साथ लहेरियासराय स्थित आदर्श मध्य विद्यालय मतदान केंद्र पर पहुँचकर मतदान किया।

मतदान के बाद दोनों अधिकारियों ने मुस्कुराते हुए कहा कि  “लोकतंत्र में हर मत की कीमत है, पहले मतदान करें, फिर जलपान।”

डीएम ने जिलेवासियों से अपील की कि वे भयमुक्त वातावरण में अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने प्रत्येक मतदान केंद्र पर सुरक्षा, सुविधा और सुगमता की पूरी व्यवस्था की है ताकि कोई भी मतदाता वंचित न रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेडडी जला रेडडी  ने बताया कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती की गई है और मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण व निष्पक्ष माहौल में संपन्न हो रहा है।

सुबह से ही जिले के विभिन्न हिस्सों में मतदाताओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। युवा, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक लोकतंत्र के इस महापर्व में पूरे जोश से शामिल हो रहे हैं।

दरभंगा प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि हर मतदाता तक संदेश पहुंचे “मतदान आपका अधिकार ही नहीं, राष्ट्र निर्माण का आधार है।”