मुजफ्फरपुर की11 विधानसभा सीटों के लिए पोलिंग पार्टियां पहुंची ,32.98 लाख मतदाता कल डालेंगे वोट

दस्तक 7मीडिया ,दीपक कुमार। गायघाट

मुजफ्फरपुर में बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हो गई हैं। जिले की 11 विधानसभा सीटों के 4186 मतदान केंद्रों पर 6 नवंबर को मतदान होना है। इन पार्टियों को तीन डिस्पैच सेंटरों से ईवीएम मशीनों के साथ भेजा गया।

डिस्पैच सेंटर पर निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी एवं कोषांग से जुड़े कर्मियों ने बारीकी से एक-एक बूथ की जांच की और मशीनों के सुरक्षित वितरण की प्रक्रिया पूरी की। मंच से वरिष्ठ अधिकारी और मास्टर ट्रेनर पोलिंग पार्टियों को मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा निर्देशों और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रशिक्षण भी दे रहे थे।

ईवीएम वितरण के दौरान पोलिंग पार्टियों के साथ प्रतिनियुक्त पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने मशीनों की निगरानी की और मतदान केंद्र तक सुरक्षित ढंग से पहुंचाने की जिम्मेदारी संभाली।

निर्वाचन विभाग ने बताया कि मतदान प्रक्रिया में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 20 प्रतिशत आरक्षित कर्मी भी रखे गए हैं।

लोकतंत्र के इस महापर्व को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।