जिले के लकड़ी नवीगंज प्रखंड के किशनपुरा स्थित खेल मैदान में गोरेयाकोठी विधानसभा क्षेत्र के एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी देवेश कांत सिंह के समर्थन में मंगलवार को चुनावी सभा का आयोजन किया गया। यूपी के गोंडा के पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि बिहार से मेरा पुराना लगाव रहा है।

 

मेरे शरीर में यहां का भी खून दौड़ रहा है। इस क्षेत्र से मेरा पुराना संबंध है। यहां मेरे बाबा की शादी हुई थी, इस नाते भी मेरा यहां आना जरूरी था। बिहार की तरक्की के लिए एनडीए के प्रत्याशी को जिताना होगा। आपका एक-एक मत उतना ही महत्वपूर्ण है जितना इस राज्य के लिए प्रगति करना। आज केंद्र और बिहार की सरकार मिलकर बिहार के विकास की रफ्तार को बढ़ाया है।

अगर आप सब फिर से इस बार सरकार बनाते हैं तो निश्चित रूप से बिहार की तरक्की की रफ्तार को दोगुनी गति मिलेगी और बिहार तेज रफ्तार से विकास करेगा। कांग्रेस और राजद के शासनकाल का भी लोगों को याद दिलाया। कहा कि महागठबंधन सिर्फ और सिर्फ लोगों को बरगलाने का काम करता है। झूठ और अफवाह के सहारे वह सरकार बनाना चाहते हैं, जबकि नरेन्द्र मोदी और नीतीश कुमार अपने कार्यों के बदौलत पहचान बनाए हैं। महिला सशक्तीकरण की दिशा में बिहार ने मिसाल कायम किया है।