भोजपुर स्टार और बीजेपी के पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ आज(बुधवार) भागलपुर आ रहे हैं। पीरपैंती विधानसभा क्षेत्र में एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी मुरारी पासवान के समर्थन में रोड शो करेंगे। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक और बिहार के पश्चिम चंपारण से भाजपा सांसद राधा मोहन सिंह भी रोड शो में शामिल होंगे।
तीन नेता आम जनता से मुरारी पासवान से वोटिंग की अपील करेंगे। इस बार पार्टी ने पीरपैंती से बीजेपी विधायक इंजीनियर ललन कुमार पासवान का टिकट काटकर मुरारी पासवान को उम्मीदवार बनाया है। तीन नेताओं की कोशिश नाराज वोटरों को को अपने पक्ष में करने की रहेगी।
बाराहाट हाई स्कूल मैदान हेलीपैड बनाया गया है। कार्यक्रम में हजारों की भीड़ के जुटने की संभावना है। भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग सुबह से ही मैदान और आस-पास के इलाकों में तैयारियों में जुटे हुए हैं। मंच और रोड शो रूट को भगवा झंडों और पोस्टरों से सजाया गया है। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए है।
पीरपैंती में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, ब्रजेश पाठक और निरहुआ करेंगे रोड शो
रोड शो रूट में पुलिस बल की तैनाती
रोड शो इसीपुर मैदान से शुरू होकर बाराहाट बाजार, मिर्जागांव, प्यालापुर, गोकुल मथुरा, लकड़ाकोल, मेहरपुर और दौलतपुर होते हुए वापस इसीपुर मैदान पर समाप्त होगा। पूरे मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन की ओर से भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
भाजपा कार्यकर्ताओं में भोजपुरी स्टार निरहुआ के आने को लेकर जबरदस्त उत्साह है। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि निरहुआ भोजपुरी में जनता को संबोधित करेंगे और मुरारी पासवान के पक्ष में माहौल बनाएंगे। वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और केंद्र सरकार की योजनाओं को जनता के बीच रखेंगे।
प्रत्याशी मुरारी पासवान ने कहा कि आज का कार्यक्रम जनता के विश्वास का प्रतीक है। भाजपा कार्यकर्ता इसे ऐतिहासिक बनाने में जुटे हैं। लोगों के मुताबिक पूरे इलाके में सुबह से ही चुनावी माहौल गर्म है। मुरारी पासवान विजयी हो और मोदी है तो मुमकिन है, जैसे नारे गूंजने लगे हैं।
