चंद्रशेखर सिंह नगर भवन में जिले के सभी सामान्य प्रेक्षकों की अध्यक्षता में माइक्रो आब्जर्वर का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में बताया गया कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को निष्पक्षता से संपन्न कराने में माइक्रो आब्जर्वर की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। ये अधिकारी मतदान केंद्रों पर निर्वाचन प्रक्रिया की वास्तविक निगरानी करते हैं और सीधे प्रेक्षक को अपनी रिपोर्ट सौंपते हैं।
बांका जिले के सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों में माइक्रो आब्जर्वर की तैनाती की गई है, जिनका उद्देश्य मतदान प्रक्रिया की बारीकियों से परिचित होना और निर्वाचन कार्यों को बिना किसी त्रुटि के संपन्न कराना है। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें आयोग के नवीनतम निर्देश, मॉडल आचार संहिता, ईवीएम एवं वीवी पैट की कार्यप्रणाली, शिकायत निवारण प्रणाली तथा रिपोर्टिंग प्रारूपों की विस्तृत जानकारी दी गई।
माइक्रो आब्जर्वर निर्वाचन आयोग की आंख और कान” के रूप में कार्य करते हैं। उनकी प्रमुख जिम्मेदारी मतदान केंद्रों पर हो रही सभी गतिविधियों की निगरानी करना, किसी भी अनियमितता या पक्षपात की स्थिति की पहचान करना और उसकी सूचना निर्वाचन प्रेक्षक को देना है। मतदान दिवस पर माइक्रो आब्जर्वर यह सुनिश्चित करते हैं कि मतदान समय पर प्रारंभ हो, सभी उपकरण सुचारु रूप से कार्य करें, मतदान कर्मी आयोग के निर्देशों का पालन करें, तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी रहे।
