कटिहार कांग्रेस के स्टार प्रचारक और असम धुबरी से सांसद रकीबुल हुसैन मंगलवार को कदवा पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. शकील अहमद खान के समर्थन में डंडखोरा प्रखंड समेत कई इलाकों में रोड शो किया।
सांसद ने लोगों से अपील की कि कदवा की तरक्की के लिए सभी समुदाय एकजुट रहे। कहा कि असम में हमने बदरुद्दीन अजमल जैसे वोट काटने वाले नेता को 10 लाख से ज्यादा मतों से हराकर संदेश दिया कि हिंदू-मुस्लिम एक हैं और विकास ही असली मुद्दा है। बिहार में ओवैसी जैसे लोग बीजेपी और जदयू की मदद के लिए मैदान में उतरते हैं। अगर आप एक वोट ओवैसी को देंगे, तो उसका फायदा दो वोट के बराबर बीजेपी-जदयू को होगा। कहा कि शकील अहमद खान आज सीएलपी लीडर हैं। जब तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे, तो शकील अहमद खान उनके साथ बड़े पद पर रहेंगे।
ऐसे नेता को मजबूत करना मतलब कदवा का विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने ओवैसी पर निशाना साधते हुए कहा कि बाहर से आए लोग यहां का माहौल बिगाड़ना चाहते हैं। लेकिन कदवा की जनता समझदार है, वे जानते हैं कि असली लड़ाई विकास की है, न कि धर्म या जाति की। रोड शो में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जगह-जगह ग्रामीणों ने रकीबुल हुसैन और डॉ. शकील अहमद खान का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
