लोकतंत्र के महापर्व के लिए जीविका की सघन तैयारी: बिरौल में ‘स्वीप दूत’ बने लोकतंत्र के प्रहरी

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

आसन्न विधानसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रखंड परियोजना क्रियान्वयन ईकाई, जीविका बिरौल ने कमर कस ली है। प्रखंड परियोजना प्रबंधक आमोद कुमार शर्मा की अध्यक्षता में ‘स्वीप दूत एवं जीविका अधिकारियों का मतदाता जागरुकता संवाद सभा’ का सफल आयोजन किया गया, जिसमें सामुदायिक प्रेरक, बुक कीपर, एवं जीविका कर्मी सैंकड़ों की संख्या में शामिल हुए।
सभा को संबोधित करते हुए बीपीएम आमोद कुमार शर्मा ने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र के महापर्व की तैयारी पिछले कई महीनों से प्रखंड के 266 ग्राम संगठनों में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से की जा रही है। उन्होंने अब 06 नवंबर को सभी मतदाताओं से उत्साह पूर्वक मतदान कर ‘मतदान दिवस’ मनाने की अपील की। बिरौल प्रखंड अंतर्गत तीन विधानसभा क्षेत्रों (78, 79, 80) में कुल 229 बूथों पर मतदान होना है।
विधानसभा 78 (कुशेश्वर स्थान) में 73 बूथ।
विधानसभा 79 (गौराबराम) में 112 बूथ।
विधानसभा 80 (बेनीपुर) में 44 बूथ।
प्रत्येक बूथ स्तर पर शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तरीय ‘स्वीप दूत’ का गठन कर उन्हें प्रशिक्षित किया गया है। ये दूत 06 नवंबर को घर-घर जाकर मतदाताओं को बूथ पर जाने हेतु प्रेरित करेंगे।
बीपीएम शर्मा ने जीविका द्वारा गठित स्वीप दूतों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे सबसे पहले स्वयं मतदान करें। इसके बाद, शाम 05 बजे तक अपने बूथ स्तरीय ग्राम क्षेत्र में घर-घर घूमकर छूटे हुए मतदाताओं को बूथ पर जाने तथा मतदान करने के लिए जागरूक करें।
उन्होंने कैडर एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि कोई भी मतदाता मतदान से वंचित न रहे, इसके लिए शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने हेतु सघन अभियान चलाया जाए। उन्होंने मतदाताओं से निर्भीक होकर वोट के माध्यम से एक कुशल एवं जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य निभाने की अपील की, क्योंकि मतदान केंद्र पर सरकार द्वारा पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
मतदान के दिन स्थिति पर कड़ी निगरानी रखने के लिए प्रखंड जीविका कार्यालय स्तर पर एवं 06 संकुल स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक नियंत्रण कक्ष में विधानसभा कुशेश्वर स्थान (78), गौराबराम (79), एवं बेनीपुर (80) के लिए अलग-अलग नियंत्रण अधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। ये नियंत्रण अधिकारी मतदान तिथि को सुबह 06 बजे से ही सभी बूथ स्तरीय स्वीप दूतों पर कड़ी निगरानी रखेंगे और प्रति घंटे की स्थिति से प्रखंड जीविका कार्यालय और उसके बाद जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष तथा उच्च अधिकारियों को अवगत कराते रहेंगे।
बीपीएम शर्मा ने कहा कि जीविका की दीदियां अब लोकतंत्र की प्रहरी बन चुकी हैं और घर-घर जाकर मतदान के लिए प्रेरित कर ऐतिहासिक कार्य कर रही हैं। उन्होंने जीविका दीदियों एवं युवाओं से मतदान दिवस के दिन बढ़-चढ़कर शत-प्रतिशत मतदान कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपील की।
इस संवाद सभा में सामुदायिक समन्वयक सुदीप कुमार, आलोक कुमार, अमित कुमार, लेखापाल प्रिय रंजन कुमार, जीवीकोपर्जन विशेषज्ञ तपन कुमार, विजय कुमार, उजाला कुमार, हरे राम मंडल, उमेश मांझी, तथा जीविका कर्मी जुली कुमारी, झुना कुमारी, विनीता कुमारी, पूजा कुमारी, तारा देवी, जानकी देवी, कंचन कुमारी सहित कई अन्य गणमान्य सदस्य मौजूद थे।