बुलडोज़र बाबा का दरभंगा में शक्ति प्रदर्शन , एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में योगी आदित्यनाथ का भव्य रोड शो, जनता से की “डबल इंजन सरकार” को जिताने की अपील

दस्तक 7मीडिया /संजय कुमार राय 

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रचार के अंतिम दौर में दरभंगा में मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जबरदस्त रोड शो हुआ। लहेरियासराय स्थित लोहिया चौक से रोड शो की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने डॉ. राममनोहर लोहिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और एनडीए प्रत्याशियों के लिए समर्थन जुटाने का आह्वान किया।

इस मौके पर दरभंगा के सांसद गोपालजी ठाकुर, पूर्व मंत्री अमरनाथ गामी तथा लगातार 20 वर्षों से शहरी क्षेत्र के विधायक संजय सरावगी सहित अनेक भाजपा व जदयू कार्यकर्ता मौजूद रहे।

योगी के आगमन पर पूरा लहेरियासराय भगवामय हो उठा। जगह-जगह स्वागत मंच बने थे, जहां ‘बुलडोज़र बाबा ज़िंदाबाद’ के नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाए और बुलडोज़र पर चढ़कर उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री योगी का रोड शो लोहिया चौक से आरंभ होकर बाकरगंज दारूभट्टी, नाका नंबर-6 चौक, कर्पूरी चौक होते हुए पोलो मैदान तक पहुंचा। रास्ते भर लोगों की भीड़ सड़कों और छतों पर उमड़ी रही।

 योगी आदित्यनाथ ने क्या कहा

“बिहार और उत्तर प्रदेश ने मिलकर देश की राजनीति की दिशा तय की है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। बिहार में डबल इंजन की सरकार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं, अब इसे और मजबूत करना है।”

उन्होंने कहा कि “एनडीए सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं की सरकार है। बिहार के विकास के लिए एनडीए का साथ देना ही सही निर्णय है। जो लोग भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं, उन्हें जनता बार-बार नकार चुकी है।”

यह भी कहा कि “आज दरभंगा का यह उत्साह इस बात का प्रमाण है कि जनता मोदी-नीतीश-योगी के साथ है। बिहार में विकास की गंगा अब रुकने वाली नहीं है। बिहार को बुलडोज़र की ताकत नहीं, बल्कि सुशासन की ज़रूरत है और एनडीए वही दे रहा है।”

“लोगों को डराने वाले, अपराध को बढ़ावा देने वाले आज हाशिए पर हैं। बिहार में अब अपराध, अराजकता और परिवारवाद नहीं चलेगा। अब चलेगा विकास और राष्ट्रवाद।”

कार्यक्रम का माहौल

लहेरियासराय से पोलो मैदान तक लोग “जय श्रीराम”, “योगी योगी” और “मोदी-नीतीश जिंदाबाद” के नारे लगाते रहे। कई स्थानों पर महिला मतदाताओं ने फूल और आरती से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। पूरा रोड शो एक जनसैलाब में तब्दील हो गया।

यहां बता दे कि योगी आदित्यनाथ के इस रोड शो ने एनडीए कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भर दी। भाजपा-जदयू गठबंधन के नेताओं का मानना है कि योगी के आगमन से दरभंगा सहित मिथिला के सभी विधानसभा क्षेत्रों में एनडीए को बड़ा लाभ मिलेगा।