एम.आर.एम. कॉलेज में मतदाता जागरूकता अभियान कार्यक्रम आयोजित
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनज़र जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–जिला पदाधिकारी कौशल कुमार के आदेश के आलोक में एम.आर.एम. कॉलेज, दरभंगा में मतदाता जागरूकता अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. श्याम चन्द्र गुप्त ने की। मुख्य अतिथि के रूप में जिला प्रशासन की ओर से स्वीप आइकॉन मणिकांत झा उपस्थित थे। उन्होंने गीतनाद के माध्यम से छात्राओं में उत्साह भरते हुए उन्हें मतदान हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्राएँ उपस्थित थीं। उपस्थित मतदाताओं को बताया गया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का मतदान करना आवश्यक है। दरभंगा जिले के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में 6 नवम्बर 2025 को मतदान निर्धारित है। मतदान का समय सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक रहेगा। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई है ताकि मतदाता निर्भीक होकर मतदान कर सकें। जिला प्रशासन शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए कृतसंकल्पित है तथा इसमें जन-सहयोग की अपेक्षा की गई है।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. गुप्त ने कहा कि “मतदान करना हमारा संवैधानिक अधिकार है। इसे हम सभी एक पर्व की तरह मनाएँ और अपने आस-पड़ोस के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।”
प्रो. रूपकला सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि “हर मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए, विशेष रूप से वे छात्राएँ जो पहली बार मतदान करने जा रही हैं।”
स्वीप आइकॉन मणिकांत झा एवं अन्य उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए एन.एस.एस. कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अनुपम प्रिया ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
अंत में श्री मणिकांत झा ने उपस्थित जनों को मतदान की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ।
बुलडोज़र बाबा का दरभंगा में शक्ति प्रदर्शन , एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में योगी आदित्यनाथ का भव्य रोड शो, जनता से की “डबल इंजन सरकार” को जिताने की अपील
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु जिला नियंत्रण कक्ष का गठन