भागलपुर में राहुल गांधी की पार्टी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष सहित सैकड़ों कार्यकर्ता जदयू में शामिल।
भागलपुर के सुल्तानगंज विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष विभूति प्रसाद सिन्हा अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ जनता दल यूनाइटेड (JDU) में शामिल हो गए। यह घटना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगामी दौरे से पहले हुई है।
करहरिया हाई मैदान में आयोजित एक कार्यक्रम में JDU के जिला कार्यकारी अध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता ने सभी नए सदस्यों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर JDU विधानसभा प्रभारी पंकज कुमार पटेल भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 3 नवंबर को करहरिया मैदान में आने वाले हैं।
JDU में शामिल होने के बाद कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष विभूति प्रसाद सिन्हा ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों से प्रभावित होकर यह निर्णय लिया है। उन्होंने एनडीए सरकार को मजबूत करने की बात कही।
इस दौरान JDU अनुसूचित जाति के जिलाध्यक्ष महेश दास, JDU सलाहकार समिति के सिड्डु साई, शबाना दाउद, सोनी कुमारी, सालिनी साह, राकेश कुमार सहित कई एनडीए कार्यकर्ता उपस्थित थे।
भागलपुर में नीतीश कुमार की तीन सभाएं बिहार विधानसभा के लिए चुनाव प्रचार जोरों पर हैं। आज सोमवार को सीएम नीतीश कुमार की भागलपुर जिले में तीन चुनावी सभा है। गोपालपुर सीट के तीनटंगा में मुख्यमंत्री की पहली सभा की।
गोपालपुर में जदयू ने सिटिंग विधायक गोपाल मंडल का टिकट काट कर लोकसभा चुनाव के समय आरजेडी से जेडीयू में आए बुलो मंडल को उम्मीदवार बनाया है।
सभा में नीतीश कुमार ने कहा, ‘पहले वाली स्थिति में बहुत बुरा हाल था। लोग शाम के बाद घर से बाहर नहीं निकलता था। अब बच्चा, लड़का, लड़की आराम से घूमते हैं। हम भी अपने इलाके में जाते थे तो देखते थे सब बंद रहता था।
पहले फालतू सरकार थी। हिंदू-मुस्लिम झगड़े होते थे। पढ़ाई की व्यवस्था नहीं थी, इलाज की व्यवस्था नहीं थी। सड़कें नहीं थीं। बिजली नहीं थी। हमारी सरकार आई तो हमने सभी के हित में काम किया।’
तीनटंगा के बाद सीएम गोराडीह के मुक्तपुर स्थित उच्च स्कूल खेल मैदान में सभा करेंगे। इसके बाद तीसरी सभा सुल्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के करहरिया स्थित देवी प्रसाद महतो उच्च स्कूल के मैदान में होगी।
बांका के धोरैया और अमरपुर में भी करेंगे जनसभा
सोमवार को धोरैया विधानसभा में प्रत्याशी मनीष कुमार के समर्थन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सड़क मार्ग से अमरपुर विधानसभा में जदयू प्रत्याशी जयंत राज के समर्थन में चुनावी सभा करेंगे।
मुंगेर में कल मुख्यमंत्री नीतीश ने सम्राट चौधरी की जमकर की तारीफ
मुंगेर में रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभा के दौरान डिप्टी सीएम और तारापुर प्रत्याशी सम्राट चौधरी की जमकर तारीफ की। CM नीतीश ने सम्राट की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘ये बढ़िया काम करते हैं, इन्हें बनाइए और आगे बढ़ाइए।
नीतीश करीब 5 मिनट तक सम्राट की तारीफ करते रहे। उन्होंने कहा, ये बनेंगे तो बिहार बनेगा।
इससे पहले CM नीतीश ने बेगूसराय के साहेबपुर कमाल विधानसभा क्षेत्र से NDA के लोजपा (रा.) के प्रत्याशी सुरेंद्र विवेक के समर्थन में सभा की। इस दौरान लालू-राबड़ी राज पर जमकर निशाना साधा।
