शादी करने का झांसा देकर युवक लगातार दुष्कर्म करता रहा। लेकिन पीड़िता ने जब शादी करने का दबाव बनाया तो उसने इंकार कर दिया। घटना से आहत युवती ने आरोपी के सामने ही उसके घर में रखा कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या करने की कोशिश की। पीड़िता की शिकायत पर टाउन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी बंगाल के ग्वालपोखर थाना क्षेत्र स्थित खिजरा निवासी शाहजहां पिता सैदुल हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है। सदर अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद रविवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार पोठिया निवासी 20 वर्षीय युवती ने बताया कि तीन वर्षों से उसका प्रेम संबंध शाहजहां के साथ है। वह शहर में दुकान पर काम करता था। मोहिउद्दीनपुर स्थित भाड़े के मकान में रहता था। शाहजहां शादी करने का झांसा देकर लगातार उसके साथ दुष्कर्म करता था। पीड़िता जब भी उसपर शादी करने का दबाव बनाती थी तो वह टालमटोल करने लगता था। शाहजहां ने पीड़िता के तीन शादी के रिश्ते को तोड़ दिया था। गत शनिवार को पीड़िता मोहिउद्दीनपुर स्थित शाहजहां के भाड़े के मकान में पहुंची, जहां आरोपी ने शाहजहां ने शादी करने से इंकार कर दिया।

पीड़िता जब उसे मनाने लगी तो शाहजहां उसे आत्महत्या करने के लिए उकसाने लगा, जिससे पीड़िता शाहजहां के घर में रखे कीटनाशक का सेवन कर लिया। घटना के बाद पीड़िता की स्थिति को बिगड़ते देख शाहजहां फरार हो गया। जबकि पीड़िता ने अर्राबाड़ी निवासी अपनी बहन को फोन कर घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची बहन ने उसे इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। नर्सिंग होम की सूचना पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई। पीड़िता के फर्द बयान पर केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी शाहजहां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।