13 हजार कुर्सियां, 500 VIP सीटें; ड्रोन से निगरानी और सख्त सुरक्षा व्यवस्था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को कटिहार के भसना मैदान में एनडीए की चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। सभा को लेकर जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी तैयारी कर ली है। करीब 13 हजार कुर्सियां लगाई गई हैं, जिनमें 500 सीटें VIP अतिथियों के लिए आरक्षित रखी गई हैं।
मैदान को सुरक्षा जोनों में बांटा गया, ड्रोन से रखी जा रही निगरानी
सभा स्थल और आसपास के इलाके को कई सुरक्षा जोनों में विभाजित किया गया है। सुरक्षा में स्थानीय पुलिस, बीएमपी और एसपीजी के जवान तैनात हैं। ड्रोन से पूरे इलाके की निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
एनडीए कार्यकर्ताओं में जोश, शहर सजा पोस्टरों और बैनरों से
प्रधानमंत्री की सभा को लेकर भाजपा, जदयू और लोजपा (रामविलास) के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। शहर के हर चौक-चौराहे पर पोस्टर, बैनर और स्वागत द्वार लगाए गए हैं। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को सभा में पहुंचने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।
सहरसा के बाद कटिहार में पीएम मोदी का अगला पड़ाव
प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को सहरसा में सभा को संबोधित करने के बाद दोपहर 1 बजे कटिहार के भसना मैदान पहुंचेंगे। यहां वे एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में जनता को संबोधित करेंगे।
18 विधानसभा सीटों के उम्मीदवार रहेंगे मंच पर मौजूद
कटिहार की सभा में कुल 18 विधानसभा क्षेत्रों- कटिहार, कदवा, बलरामपुर, प्राणपुर, मनिहारी, बरारी, कोढ़ा, बहादुरगंज, ठाकुरगंज, किशनगंज, कोचाधामन, अमौर, बैसी, कस्बा, बनमनखी, रुपौली, धमदाहा और पूर्णिया — के एनडीए प्रत्याशी मंच पर मौजूद रहेंगे।
डेढ़ लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था
लगभग 50 एकड़ भूमि में सभा स्थल तैयार किया गया है। कोलकाता की आद्री कंपनी द्वारा 1,35,000 स्क्वायर फीट में विशाल टेंट लगाया गया है, जिसमें करीब डेढ़ लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। मैदान के चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाया गया है ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
ट्रैफिक रूट चार्ट जारी, 300 जवान तैनात
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष रूट चार्ट जारी किया है। लगभग 300 ट्रैफिक जवान और अधिकारी व्यवस्था संभालेंगे। पूर्णिया और कटिहार दोनों दिशाओं से आने वालों के लिए अलग-अलग पार्किंग पॉइंट बनाए गए हैं। पूर्णिया से आने वाली गाड़ियां गोविंदपुर चौक तक ही जा सकेंगी, जबकि शहर की ओर से आने वाले लोगों के लिए लेलहा चौक के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
