लोकतंत्र के महापर्व में जीविका दीदियाँ बनीं जन-जागरूकता की मिसाल,

घर-घर दस्तक देकर मतदाताओं को मतदान के लिए कर रहीं प्रेरित : डीईओ कौशल कुमार

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को सफल बनाने और मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से दरभंगा जिले में मतदाता जागरूकता अभियान पूरे उत्साह के साथ जारी है। इस अभियान की सबसे सशक्त कड़ी बन चुकी हैं जीविका दीदियाँ, जो जिले के हर गांव और टोले में जाकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित कर रही हैं।

06 नवम्बर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होना है, और इसके लिए “हर मतदाता, हर वोट” का लक्ष्य जीविका दीदियाँ जन-जागरण के माध्यम से साकार करने में जुटी हैं।

आज कृषि विज्ञान केन्द्र, जाले में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने लगभग एक हजार जीविका लीडर दीदियों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा —

“अब चुनाव में मात्र चार दिन शेष हैं। जीविका दीदियाँ अपने-अपने गांवों में जाकर मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करें और जब तक अंतिम मतदाता मतदान न कर ले, तब तक अभियान जारी रखें।”

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि घर-घर मतदाता पर्चियों का वितरण पूरा हो चुका है। अब आवश्यक है कि हर मतदाता मतदान केंद्र तक पहुँचे और लोकतंत्र की नींव को मजबूत करे। उन्होंने दीदियों से आग्रह किया कि वे उन मतदाताओं को विशेष रूप से प्रेरित करें जो सामान्यतः मतदान में भाग नहीं लेते।

छठ पर्व पर घर लौटे प्रवासी मतदाताओं से भी उन्होंने अपील की कि वे मतदान के बाद ही अपने गंतव्य स्थान के लिए प्रस्थान करें।