निर्वाचन प्रेक्षक ने हायाघाट विधानसभा क्षेत्र की तैयारियों की समीक्षा की , लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
निर्वाचन प्रेक्षक ने हायाघाट विधानसभा क्षेत्र की तैयारियों की समीक्षा की , लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
निर्वाचन प्रेक्षक ने हायाघाट विधानसभा क्षेत्र की तैयारियों की समीक्षा की , लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
84-हायाघाट विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन प्रेक्षक श्री केशव हिंगोनिया (आई.ए.एस.) द्वारा आज यूरोपियन गेस्ट हाउस, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में निर्वाची पदाधिकारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी, मीडिया कोषांग के नोडल पदाधिकारी, सेक्टर पदाधिकारी तथा जोनल पदाधिकारी उपस्थित थे।
प्रेक्षक ने निर्वाचन कार्य की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी सेक्टर पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण करने का निर्देश दिया। जिन मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की कमी है, वहाँ सहायक निर्वाची पदाधिकारी से समन्वय कर शीघ्र आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए।
प्रेक्षक महोदय ने यह भी कहा कि सभी चेक पोस्ट पर एसएसटी एवं एफएसटी टीमें अगले 4–5 दिनों तक विशेष रूप से सक्रिय रहें। साथ ही निर्देश दिया कि कोई भी सरकारी कर्मचारी किसी राजनीतिक दल के जुलूस या प्रचार कार्यक्रम में भाग नहीं लेंगे।
मतदान प्रक्रिया की पारदर्शिता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि मॉक पोल के बाद सभी पर्चियाँ सुरक्षित रूप से निकाली जाएँ, तथा प्रपत्र 17C के उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
निर्वाची पदाधिकारी ने बताया कि मतदान के दिन सेक्टर पदाधिकारी अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगे और हर दो घंटे पर मतदान प्रतिशत से संबंधित प्रतिवेदन भेजना सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में यह भी बताया गया कि सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्धसैनिक बल (CAPF) की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। प्रेक्षक ने कहा कि सेक्टर एवं जोनल पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
मतदाता सूचना पर्ची के संदर्भ में बताया गया कि सभी मतदाताओं को सूचना पर्ची वितरित की जा चुकी है।
विशेष रूप से प्रेक्षक ने निर्देश दिया कि सेक्टर पदाधिकारी ईवीएम की सुरक्षा एवं संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष ध्यान दें।
प्रेक्षक, निर्वाची पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सहायक व्यय प्रेक्षक के स्थानीय मोबाइल और लैंडलाइन नंबर सभी अभ्यर्थियों को उपलब्ध करा दिए गए हैं, ताकि किसी भी शिकायत को सीधे प्रेक्षक महोदय के मोबाइल नंबर पर दर्ज कराया जा सके।
साथ ही जोनल दंडाधिकारी, एसएसटी एवं एफएसटी टीमों को अधिक सक्रियता दिखाने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में निर्वाची पदाधिकारी हायाघाट मनोज कुमार, नोडल पदाधिकारी मीडिया कोषांग श्री सत्येंद्र प्रसाद, मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय, राज्य स्तरीय एवं निर्दलीय अभ्यर्थी तथा उनके अभिकर्ता उपस्थित रहे।