सीवान के रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में रविवार को एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य जनसभा को संबोधित करेंगे।दोनों नेता हुसैनगंज मैदान में आयोजित इस सभा के माध्यम से क्षेत्र के मतदाताओं से एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में वोट देने की अपील करेंगे।
सभा स्थल पर प्रशासन ने कसी सुरक्षा
जनसभा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।कार्यक्रम स्थल पर आने वाले सभी लोगों की मेटल डिटेक्टर से जांच की जा रही है।वहीं बड़ी संख्या में अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती के साथ कई मजिस्ट्रेटों की प्रतिनियुक्ति की गई है।सीवान के एसपी मनोज कुमार तिवारी स्वयं मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।
नेताओं के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह
असम और उत्तर प्रदेश के शीर्ष नेताओं के आगमन को लेकर एनडीए कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।सभा स्थल पर बैनर, पोस्टर और झंडों से सजावट की गई है।स्थानीय कार्यकर्ता सुबह से ही भीड़ जुटाने में सक्रिय हैं ताकि जनसभा को ऐतिहासिक बनाया जा सके।
