दरभंगा के प्रेयांश ने भुवनेश्वर में जीता स्वर्ण, बिहार का नाम किया रोशन

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

दरभंगा जिले के कराटे खिलाड़ी प्रेयांश ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम रोशन किया है।

भुवनेश्वर में आयोजित तीन दिवसीय 5वीं ईस्ट इंडिया कराटे चैंपियनशिप 2025 में प्रेयांश ने जूनियर -76 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। यह प्रतियोगिता 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक ईस्ट इंडिया कराटे एसोसिएशन एवं कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुई।

फाइनल मुकाबले में प्रेयांश ने मेजबान ओडिशा के खिलाड़ी को 8-0 के एकतरफा अंतर से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने अपने प्रशिक्षक मुकेश मिश्रा को दिया, जिन्होंने उन्हें निरंतर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन प्रदान किया।

प्रेयांश वर्तमान में ज्ञान भारती पब्लिक स्कूल, दरभंगा के कक्षा 11वीं के छात्र हैं। उनकी इस शानदार उपलब्धि पर स्टेट कराटे एसोसिएशन ऑफ बिहार एवं ईस्ट इंडिया कराटे एसोसिएशन के महासचिव पंकज कांबली ने उन्हें हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

अब प्रेयांश 5वीं कियो ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप, दिल्ली के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं, जो दिसंबर माह में आयोजित की जाएगी।