किशनगंज में एक युवती के लापता होने के मामले में बजरंगदल कार्यकर्ताओं ने थाने पर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने एक युवक पर युवती को भगा ले जाने का आरोप लगाया है।

पीड़ित परिजनों ने पुलिस को बताया कि जब उन्होंने आरोपी युवक के परिजनों से जानकारी मांगी, तो उन्हें गाली-गलौज कर धक्का देकर भगा दिया गया। इसके बाद उन्होंने बजरंगदल से संपर्क किया।

बजरंगदल के जिला संयोजक रवि गुर्जर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता किशनगंज थाने पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस से युवती की जल्द बरामदगी की मांग की।

थानाधिकारी रमेशचंद मेरोठा ने जानकारी दी कि परिजनों की रिपोर्ट पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम तकनीकी माध्यमों का उपयोग कर युवती की तलाश कर रही है। थानाधिकारी ने कार्यकर्ताओं को 24 घंटे के भीतर युवक-युवती को बरामद करने का आश्वासन दिया।