कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में शनिवार को स्कॉर्पियो और बाइक की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार जीजा-साला गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अनुमंडल अस्पताल मोहनिया ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक की हालत गंभीर देखते हुए उसे भभुआ रेफर कर दिया गया।
यह दुर्घटना अमरपुरा दैतरा बाबा के पास हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों सवार सड़क पर गिर पड़े। घायलों की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के सीकट्ठी गांव निवासी कुंदन बिंद और कुदरा थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर गांव निवासी रवी कुमार के रूप में हुई है। रवी कुमार, कुंदन बिंद का साला बताया जा रहा है।
स्कॉर्पियो ने बाइक में मारी सीधी टक्कर
रवी कुमार ने बताया कि उनके जीजा कुंदन बिंद उनके गांव बैजनाथपुर आए हुए थे। शनिवार दोपहर वे दोनों बाइक से भभुआ थाना क्षेत्र के सीकट्ठी गांव लौट रहे थे। अमरपुरा दैतरा बाबा मोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी।
मोहनिया अस्पताल में चल रहा इलाज
अनुमंडल अस्पताल मोहनिया के चिकित्सक ने बताया कि चार पहिया वाहन की टक्कर से घायल हुए दो लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें से एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद भभुआ रेफर कर दिया गया है, जबकि दूसरे घायल का इलाज मोहनिया अस्पताल में चल रहा है।
दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
