सेक्टर पदाधिकारियों को ईएलई-ट्रेस एवं ईसीआई नेट एप्प के उपयोग पर विशेष प्रशिक्षण

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर आज प्रेक्षागृह, दरभंगा में जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–जिला पदाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में विधानसभा क्षेत्र संख्या 78 से 82 तक के सेक्टर पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सेक्टर पदाधिकारियों को ईएलई-ट्रेस (ELE-Trace) तथा ईसीआई नेट (ECI-Net) मोबाइल एप की उपयोगिता एवं संचालन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देशित किया कि मतदाता सूचना पर्ची का वितरण बीएलओ के माध्यम से किया जा रहा है, जिसकी निगरानी और अनुश्रवण सेक्टर पदाधिकारी स्वयं सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने बताया कि चुनाव के दिन सभी मतदान केंद्रों पर शत-प्रतिशत वेबकास्टिंग कराई जाएगी। इस हेतु सेक्टर पदाधिकारियों को संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों से समन्वय स्थापित कर प्रकाश की उचित व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की दिशा-सुधार एवं एक्सटेंशन बोर्ड की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने यह भी कहा कि यदि किसी मतदान केंद्र पर मूलभूत सुविधा की कमी पाई जाती है, तो उसे यथाशीघ्र उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सभी सेक्टर पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहते हुए मतदान केंद्रों की स्थिति, मतदाता संख्या आदि की जांच सुनिश्चित करने को कहा।

इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी  सुरेश कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क  सत्येंद्र प्रसाद, सहायक नोडल आईटी पूजा चौधरी सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।