दरभंगा जिले के सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और सुविधा की पुख्ता व्यवस्था: हर बूथ पर वेबकास्टिंग सुनिश्चित,

 जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने दी जानकारी, मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान की अपील

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर दरभंगा जिले में तैयारी पूरी कर ली गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–जिला पदाधिकारी, दरभंगा ने बताया कि जिले के सभी 3329 मतदान केंद्रों पर शत-प्रतिशत वेबकास्टिंग की जाएगी, जिससे मतदान प्रक्रिया की सतत और पारदर्शी निगरानी सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर निष्पक्ष, स्वच्छ एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान के लिए सभी आवश्यक इंतज़ाम किए गए हैं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से केंद्रीय पुलिस बल के सशस्त्र जवान हर बूथ पर तैनात रहेंगे। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे निर्भीक होकर मतदान केंद्र पहुँचें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि इस बार पीडब्ल्यूडी (PWD) मतदाताओं के लिए भी विशेष सुविधा की व्यवस्था की गई है। इसमें रैम्प, व्हीलचेयर, हेल्प डेस्क और मोबाइल संपर्क सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि दिव्यांग मतदाता आसानी से मतदान कर सकें।

सभी मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएँ जैसे पेयजल, शौचालय, बिजली, रैंप और प्रतीक्षा स्थल की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है।

प्रशासन ने बताया कि जिले में सभी चेकपोस्टों पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। आचार संहिता के उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या सामग्री के परिवहन पर पूर्ण निगरानी रखी जा रही है।

अंत में, जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए निडर होकर मतदान करें और अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।