दरभंगा पुलिस की तैयारी: शांतिपूर्ण और निष्पक्ष विधानसभा चुनाव हेतु जिलेभर में फ्लैग मार्च, गश्ती एवं निरीक्षण अभियान तेज़ 

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से दरभंगा पुलिस पूरे जिले में सतर्क और सक्रिय है। शनिवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन एवं केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल (CAPF) के संयुक्त दलों ने व्यापक फ्लैग मार्च, एरिया डोमिनेशन, नाव गश्ती एवं चेकपोस्ट निरीक्षण किया।

 संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च और एरिया डोमिनेशन

दरभंगा पुलिस एवं CAPF के संयुक्त दलों द्वारा नेहरा, अलीनगर, घनश्यामपुर, कुशेश्वरस्थान, बिरौल, भालपट्टी, जमालपुर, सिमरी, तिलकेश्वर, वाजितपुर एवं बिशनपुर थाना क्षेत्रों के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया गया। वरीय पदाधिकारियों के नेतृत्व में किए गए इस अभियान का उद्देश्य मतदाताओं में सुरक्षा का भाव बढ़ाना और असामाजिक तत्वों को चेतावनी देना था।

 ग्रामीण पुलिस अधीक्षक का निरीक्षण एवं दिशा-निर्देश

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, दरभंगा द्वारा बड़गांव, अलीनगर, घनश्यामपुर एवं बिरौल थाना क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने चुनाव संबंधी तैयारियों की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए, जिनमें शामिल हैं —
लाइसेंसी हथियारों का संकलन एवं अवैध हथियारों पर विशेष अभियान।
एसएसटी (Static Surveillance Team) और एफएसटी (Flying Squad Team) को अवैध धन, शराब, मादक पदार्थों एवं अन्य वस्तुओं की निगरानी हेतु कड़े निर्देश।
संवेदनशील बूथों की पहचान और सुरक्षा बल की विशेष तैनाती की योजना।
मतदान केंद्रों पर बुजुर्गों व दिव्यांग मतदाताओं के लिए सुविधाओं को सुनिश्चित करने का निर्देश।

साथ ही, उन्होंने अलीनगर थाना क्षेत्र के कोठराम, अंतरजिला पुनाछ एवं शिवनगर SST चेकपोस्टों का निरीक्षण करते हुए प्रतिनियुक्त पुलिस बल को वाहन जांच एवं रजिस्टर संधारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 नाव से एरिया डोमिनेशन और गश्ती

जमालपुर थाना क्षेत्र के कोसी एवं दियारा इलाकों में दरभंगा पुलिस और CAPF के संयुक्त बलों ने नाव के माध्यम से गश्ती एवं एरिया डोमिनेशन किया। यह कार्रवाई चुनावी अवधि में नदी पार के कठिन क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक प्रभावी कदम है।

 नगर क्षेत्र में निरीक्षण और पैदल मार्च

नगर पुलिस अधीक्षक, दरभंगा के नेतृत्व में लहेरियासराय और कोतवाली थाना क्षेत्रों में CAPF बल के साथ पैदल मार्च किया गया। उन्होंने विभिन्न चेकपोस्टों का निरीक्षण कर स्टैटिक निगरानी टीमों को वाहन जांच में पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।

हर स्तर पर पुलिस की तैयारी 

दरभंगा जिले के सभी थाना क्षेत्रों — केवटी, बिरौल, फेंकला, सिमरी, बिशनपुर, मोरो, वाजितपुर आदि  में पुलिस बल और CAPF कर्मी मुस्तैदी से तैनात हैं। जिले में शांति, निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक दरभंगा के निर्देशन में लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

दरभंगा पुलिस का संदेश:

“शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव के लिए दरभंगा पुलिस पूरी तरह तत्पर है। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु हर स्तर पर निगरानी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।”