एम्बुलेंस के जरिए घायल को मायागंज और पूर्णिया अस्पताल भेजती पुलिस।
भागलपुर में दो बाइक के बीच आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसे में चार बाइक सवारी युवक गंभीर रूप से जख्मी हुआ लोगों ने उन्हें गंभीर अवस्था में स्थानीय अस्पताल पहुंचाया जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना, नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत भवानीपुर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-31) पर बलहा गांव के समीप हुई।
घटना में घायल की पहचान सतीयारा भ्रमरपुर गांव निवासी राजाराम मंडल के पुत्र रवि कुमार (15 ) और उसके दो सहयोगियों के रूप में हुई है। वहीं दूसरी बाइक पर सवार बलहा निवासी विद्यानंद यादव के मनजीत कुमार (23) के तौर पर हुई है।
दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं
जानकारी के अनुसार, नारायणपुर और बीरबन्ना दिशा से आ रही दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। बीरबन्ना की ओर से अपाचे मोटरसाइकिल पर तीन युवक तेज रफ्तार में नारायणपुर की ओर जा रहे थे, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक नारायणपुर से बलहा की ओर जा रहा था। इस दौरान दोनों वाहन अनियंत्रित होकर आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सभी सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
अस्पताल में घायल के परिजन का भीड़
एक बाइक की रफ्तार तेज थी, इस वजह से हुई घटना
घटना के बाद मौके पर पहुंचे प्रदीप ने बताया कि अपाचे बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने तत्काल सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात चिकित्सक डॉ. अंकित कुमार ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक की स्थिति गंभीर होने पर उसे मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया।
वहीं, निजी क्लिनिक में भर्ती एक अन्य युवक को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर किया गया है। भवानीपुर थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर थाना लाया गया है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
