खराब मौसम में भी जीविका दीदियों का जोश बरकरार, डीएम कौशल कुमार ने दिलाई मतदाता शपथ,

बेनीपुर के कर्पूरी भवन में जीविका दीदियों का संवाद कार्यक्रम, शत-प्रतिशत मतदान का लिया संकल्प

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत दरभंगा जिले में मतदाता जागरूकता अभियान पूरे जोश और उत्साह के साथ जारी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी कौशल कुमार के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान में जीविका दीदियाँ अग्रिम मोर्चे पर रहकर लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

खराब मौसम के बावजूद शुक्रवार को बेनीपुर स्थित कर्पूरी भवन में जीविका दीदियों का संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें हजारों दीदियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने की।

डीएम ने उपस्थित दीदियों की सराहना करते हुए कहा कि “आज इस खराब मौसम में भी हजारों की संख्या में पहुँची जीविका दीदियाँ लोकतंत्र की सच्ची प्रहरी हैं। जब महिलाएँ जागरूक होती हैं, तो पूरा समाज जागरूक होता है — यही सशक्त लोकतंत्र की पहचान है।”

उन्होंने कहा कि मतदान दिवस 06 नवंबर 2025 को है, इसलिए सभी जीविका दीदियाँ अभी से घर-घर जाकर मतदाताओं को मतदान के महत्व से अवगत कराएँ।
डीएम ने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत पहले कम रहा है, वहाँ विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही छठ पर्व पर घर लौटे प्रवासी मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित किया जाए।

इस अवसर पर डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी ने कहा कि दरभंगा की जीविका दीदियाँ मतदान को लेकर पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि “जीविका दीदियाँ आज आत्मनिर्भरता और सामाजिक बदलाव की प्रतीक हैं, और अब वही लोकतंत्र की सशक्त आवाज़ बन चुकी हैं।”