दरभंगा विधानसभा के प्रत्याशी आर.के. मिश्रा ने अधिवक्ताओं से मांगा समर्थन, शहर की बदहाल स्थिति पर जताई चिंता
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा / विधि संवाददाता/
दरभंगा विधानसभा क्षेत्र (83) से उम्मीदवार आर.के. मिश्रा ने शुक्रवार को सैकड़ों समर्थकों के साथ दरभंगा बार एसोसिएशन भवन पहुंचकर अधिवक्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने एक-एक अधिवक्ता से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर अपने पक्ष में समर्थन और मत की अपील की।
ईमानदार छवि वाले श्री मिश्रा का अधिवक्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान बार परिसर में आत्मीय माहौल देखा गया। अधिवक्ताओं ने मुलाकात के दौरान शहर की जर्जर सड़कों, जलजमाव और सफाई व्यवस्था की बदहाली जैसे मुद्दों पर उम्मीदवार का ध्यान आकृष्ट कराया।
श्री मिश्रा ने अधिवक्ताओं की बातों को गंभीरता से सुना और कहा कि दरभंगा की दुर्दशा किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं जैसे सड़कों का विकास, ड्रेनेज व्यवस्था का सुधार और अधिवक्ताओं के लिए सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता में रहेंगे।
हल्की बारिश के बीच हुई इस बैठक में अधिवक्ताओं ने भी दरभंगा शहर के नारकीय हालात पर नाराज़गी जताई और उम्मीद जताई कि आने वाले समय में ईमानदार नेतृत्व से शहर की तस्वीर बदलेगी।
