बिहार विधानसभा चुनाव 2025: जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने ईवीएम कमीशनिंग कार्यों का किया निरीक्षण, पारदर्शिता और समयसीमा के पालन पर दिया जोर

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार ने आज बाजार समिति परिसर, शिवधारा स्थित ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) कमीशनिंग स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों और तकनीकी कर्मियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कमीशनिंग प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न होनी चाहिए। सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएँ, इस पर विशेष बल दिया गया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मशीनों की सुरक्षा और निगरानी पर भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य से जुड़ी सभी गतिविधियाँ भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही की जाएँ और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान निर्वाची पदाधिकारी, तकनीकी अधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।