थकी हुई है डबल इंजन की सरकार : पूर्व केंद्रीय मंत्री फातमी,

रैयाम,सकरी और अशोक पेपर मिल की दुर्दशा पर फातमी ने उठाए सवाल,सरकार के वादे खोखले,बिहार में अब जनता चाहती है परिवर्तन,

तेजस्वी के साथ युवा वर्ग में उत्साह,हर परिवार को नौकरी देने का वादा असरदार : फातमी

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा :

पूर्व केंद्रीय मंत्री सह राष्ट्रीय जनता दल पार्टी अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मो0 अली असरफ फातमी ने कहा कि इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि गांव-गांव में जब लोग जाएंगे,तो यह साफ दिखेगा कि जनता परिवर्तन के मूड में है। बीस साल बाद लोग अब एक नई सोच,नई ऊर्जा और काम करने वाले नौजवान के हाथों में सत्ता देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी,नौकरी और पलायन है।

नौजवानों के बीच तेजस्वी यादव की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है,क्योंकि उन्होंने वादा किया है कि हर परिवार से कम से कम एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी मिलेगी। फातमी ने कहा कि इस घोषणा से युवाओं में उत्साह है और वे बड़ी संख्या में राजद के साथ जुड़ रहे हैं।उन्होंने कहा कि बिहार की डबल इंजन सरकार अब पूरी तरह थक चुकी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार से लोग ऊब चुके हैं और भाजपा भी अब उन्हें हटाने की सोच रही है। फातमी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मोदी जी 11 साल से एक ही बात दोहरा रहे हैं। न कोई नया काम हुआ,न कोई बड़ा बदलाव आया। देश के लोग उनके वादों से निराश हैं। फातमी ने कहा कि बिहार की स्थिति आज भी बेहद खराब है। शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक हर क्षेत्र में राज्य पीछे है। उन्होंने कहा देश में अगर सबसे ज्यादा बेरोजगार या पलायन करने वाले लोग कहीं हैं,तो वह बिहार में हैं। लोग रोजगार और इलाज के लिए दिल्ली,मुंबई,कोलकाता,सूरत,हैदराबाद और बेंगलुरु जैसे शहरों में भटक रहे हैं। बिहार में न तो अच्छी शिक्षा की व्यवस्था है,न ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा। उन्होंने कहा कि सरकार ने विकास के नाम पर सिर्फ दावे किए,लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है।दरभंगा में रैयाम चीनी मिल,सकरी चीनी मिल और अशोक पेपर मिल बंद पड़ी हैं। पिछले 20 सालों में राज्य सरकार ने इन्हें चालू कराने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया फातमी ने राज्य में बढ़ते अपराध पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराध तेजी से बढ़ा है। दिनदहाड़े हत्या,लूट,डकैती और बलात्कार की घटनाएं आम हो गई हैं। जब शासन कमजोर होता है,तो अपराध बढ़ता है। उन्होंने कहा कि बिहार शिक्षा,स्वास्थ्य,सुरक्षा,उद्योग और विकास जैसे हर पैमाने पर देश में सबसे नीचे है। यह डबल इंजन की सरकार की उपलब्धि है,जो सिर्फ दावे करती रही,लेकिन जमीन पर कुछ नहीं किया।फातमी ने कहा कि प्रधानमंत्री जो भी बड़ा प्रोजेक्ट लाते हैं,वह सब गुजरात चला जाता है,बिहार की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जाता। उन्होंने जनता से अपील की कि अब समय है एक नई सोच वाली सरकार बनाने का। उन्होंने कहा बिहार को आगे ले जाने के लिए हमें एक ऐसे युवा नेतृत्व की जरूरत है जो ईमानदारी से काम करे,रोजगार दे और राज्य को विकास की राह पर लाए।