जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर का NDA सरकार पर बड़ा हमला,”नीतीश के राज में हर विभाग में भ्रष्टाचार और लूट, मुसलमानों से की अपने बच्चों के भविष्य के लिए वोट देने की भावुक अपील

दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (PK) ने गुरुवार को गौरा बौराम विधानसभा के बिरौल स्थित खौरागाछी स्टेडियम में आयोजित ‘बिहार बदलाव सभा’ को संबोधित किया। जनसभा में उमड़ी भारी भीड़ के बीच, PK ने जन सुराज के स्थानीय प्रत्याशी डॉ. इफ्तेखार आलम के लिए वोट देने की अपील की।
प्रशांत किशोर ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद प्रमुख लालू यादव पर जमकर हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली NDA सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा, नीतीश कुमार के राज में हर विभाग में भ्रष्टाचार और लूट मची हुई थी। ये लोग 5 साल तक जनता को लूटते रहे और अब चुनाव के समय 5-10 हजार रुपये देकर वोट मांग रहे हैं।
उन्होंने जनता को आगाह करते हुए कहा कि नीतीश की सरकार 5 साल से जनता को लूट रही थी और अब महिलाओं को ₹10-10 हजार दे रही है। उन्होंने मतदाताओं से समझदारी दिखाने की अपील करते हुए कहा, “आज अगर आपने समझदारी नहीं दिखाई तो अगले पांच साल फिर यह लोग आपको लूटते रहेंगे।
PK ने PM मोदी पर भी निशाना साधा और कहा कि मोदी जी को बिहार से बहुत समर्थन मिला, बिरौल और दरभंगा से भी लोगों ने उन्हें वोट दिया, लेकिन मोदी जी ने फैक्ट्री गुजरात में लगवाई।
इधर लालू-नीतीश ने मिलकर अपने 35 वर्षों के शासन में बिहार को मजदूरों की फैक्ट्री बना दिया है। हमारे बच्चे अभी बहुत मुश्किल से छठ पर्व में वापस घर आए हैं। अगर आपने उनके लिए वोट नहीं दिया तो वे फिर से पीठ पर बोरा रखकर वापस जाने के लिए मजबूर होंगे।
प्रशांत किशोर ने बिरौल के मुस्लिम मतदाताओं से विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि दूसरी पार्टियों के लोग आकर मुस्लिम भाइयों को डराते हैं कि ‘हमें वोट दो, हम भाजपा को हरायेंगे’। इसके विपरीत, PK ने एक भावुक अपील करते हुए कहा, इस बार लालू-नीतीश के लिए नहीं, अपने बच्चों के लिए वोट दीजिए। आप अल्लाह के बताए रास्ते पर चलिए। आपका भला ख़ुद हो जाएगा। लालटेन में किरासन बन जलते रहेंगे तो रोशनी लालूजी के घर में होती रहेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “अपने बच्चों के लिए वोट दीजिए तो उनके भविष्य में उजाला होगा।
प्रशांत किशोर ने जनसभा को संबोधित करते हुए मतदाताओं से अपील की कि इस बार वह जाति, धर्म या छोटे-मोटे विकास कार्यों के लिए नहीं, बल्कि अपने बच्चों की अच्छी शिक्षा और रोजगार के लिए वोट दें।