छठ पर्व के साथ बढ़ेगा मतदान उत्सव , दरभंगा में जीविका दीदियों ने लिया शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प
छठ पर्व के साथ बढ़ेगा मतदान उत्सव , दरभंगा में जीविका दीदियों ने लिया शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प
छठ पर्व के साथ बढ़ेगा मतदान उत्सव , दरभंगा में जीविका दीदियों ने लिया शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर दरभंगा जिले में मतदाता जागरूकता अभियान पूरे उत्साह के साथ जारी है। बुधवार को लहेरियासराय स्थित जिला प्रेक्षागृह में एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी कौशल कुमार ने की।
इस कार्यक्रम में हनुमाननगर और बहादुरपुर प्रखंड की सैकड़ों जीविका दीदियाँ उत्साहपूर्वक शामिल हुईं। जिलाधिकारी ने कहा कि “जीविका अब केवल संस्था नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण और सामाजिक परिवर्तन का सशक्त प्रतीक है।” उन्होंने जीविका समूहों द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान में निभाई जा रही भूमिका की सराहना की।
जिलाधिकारी ने बताया कि दरभंगा जिले के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में 6 नवंबर 2025 को मतदान होगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे समय पर अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदान अवश्य करें।
डीएम कौशल कुमार ने कहा कि अब असली परीक्षा मतदान दिवस की है, इसलिए उस दिन हर जीविका दीदी को सजग रहकर घर-घर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि जिन इलाकों में पहले मतदान प्रतिशत कम रहा है, वहाँ सघन जागरूकता अभियान चलाया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि “छठ पर्व पर जब प्रवासी मतदाता घर लौटें, तो दीदियाँ उनसे और स्थानीय लोगों से मतदान का आग्रह करें, ताकि जिले में मतदान प्रतिशत को नई ऊँचाई मिले।”
डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी ने कहा कि अब समय है कि हम अपने अधिकार को कर्तव्य में बदलें — मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्रीय जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियाँ आज मतदाता जागरूकता की सबसे मजबूत कड़ी बन चुकी हैं, जो घर-घर जाकर लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत कर रही हैं।
कार्यक्रम में जीविका दीदियों ने गीतों, कविताओं और नारों के माध्यम से लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया और शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रबंधक राजा सागर, विषयगत प्रबंधक, बीपीएम सुकेश कुमार मिश्रा एवं निशान्त कुमार सहित कई जीविका कर्मी और सैकड़ों दीदियाँ उपस्थित रहीं।