पूर्णिया के धमदाहा में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबू लाल मरांडी ने आज विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित किया। जनसभा धमदाहा के विशनपुर स्थित सिकराहा मैदान में हुई, जहां बाबू लाल मरांडी धमदाहा से NDA की जदयू प्रत्याशी और खाद्य और उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह के समर्थन में धुएंधार चुनावी रैली की और लोगों से जदयू प्रत्याशी लेशी सिंह को जीत दिलाने की अपील की।

जनसभा में हजारों लोग झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबू लाल मरांडी सुनने पहुंचे। बड़ी तादाद में आदिवासी समाज की महिलाएं और पुरुष भी मौजूद रहे। इस दौरान चुनावी मंच पर मंत्री लेसी सिंह समेत NDA गठबंधन के कई नेता मौजूद रहे। सभी ने फूलों की माला पहनाकर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबू लाल मरांडी और मंत्री लेसी सिंह का जोरदार स्वागत किया।

समर्थकों से मुलाकात करतीं धमदाहा से एनडीए प्रत्याशी जदयू नेता लेसी सिंह।
बाबूलाल बोले- 19 साल पहले कोई बिहार नहीं आना चाहता था

जनसभा को संबोधित करते हुए झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार के कार्यों को गिनाया। केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाई। चुनावी संबोधन की शुरुआत करते हुए बाबू लाल मरांडी ने कहा कि 19 साल पहले वाले बिहार को याद कीजिए। बिहार की कैसी बदहाल तस्वीर थी। कौन रहना और कौन आना चाहता था बिहार। बिहार में जब नीतीश कुमार की सरकार बनी और NDA का साथ मिला। बिहार की पूरी तस्वीर ही बदल गई।

हर एक गांव तक सड़क बनी, बिजली और हर घर नल का जल पहुंचा। आदिवासियों की स्थिति सुधरी। आज हमारे बच्चे स्कूल जा रहे हैं। बच्चों को स्कूल ड्रेस, लड़कियों को साइकिल, स्कॉलरशिप मिला। आदिवासियों को सम्मान मिला। आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आदिवासी है। NDA ने आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनाया। आज बिहार विकास के मामले में तेज रफ्तार पकड़ चुका है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि मुझे तो ताज्जुब होता है ऐसे कुछ लोगों पर जो आज भी हाथ में लालटेन लेकर घूम रहे हैं।

बाबूलाल मरांडी के साथ मंच पर मौजूद एनडीए प्रत्याशी।
‘आज बहू बेटियां खुले में आजादी से घूम रही हैं’

वो शायद ये भूल गए हैं कि बिहार के लोग 20 साल पहले वाले बिहार को भूले नहीं जब चारों ओर जंगलराज कायम था। अपराध और अपराधियों का बोलबाला था।

 

बहू बेटियां बाहर निकलने से डरती थी। आज वो खुलकर घूम रही हैं। केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार है। बिहार के विकास को रफ्तार देने के लिए 2025 के चुनाव में फिर से सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली NDA की सरकार बनाने की जरूर है। 11 नवंबर को धमदाहा विधानसभा से NDA से जदयू प्रत्याशी मंत्री लेसी सिंह को वोट देकर जीत दिलाना है। ताकि धमदाहा विधानसभा में विकास की रफ्तार बनी रहे।

वहीं मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं, बिहार में NDA की सरकार बनेगी। वो भरी मतों से जीतेंगी। विपक्ष और उनके सामने खड़े विरोधी धुएं की तरह उड़ जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कामकाज से लोग बेहद खुश हैं। 150 यूनिट मुफ्त बिजली मिली, महिलाओं के खाते में 10 हजार रुपए आए, 1100 रुपए पेंशन की राशि मिल रही। आदिवासियों समाज के लोग बेहतर जीवन जी रहे हैं। बच्चे स्कूलों में पढ़ रहे हैं। सबको उचित सम्मान मिला है। इस बार वे भारी बहुमत से चुनाव जीतेंगी।

पत्रकारों से बातचीत करते बाबूलाल मरांडी।
वहीं चुनावी जनसभा को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सभा स्थल से गुजरने वाले रोड पर ट्रैफिक और जाम की समस्या न बने इसके लिए विशेष तैयारी दिखी। भारी पुलिस बल और मैजिस्ट्रेट तैनात रहे।