प्रेक्षक अविनाश कंढीबा ढाकने ने किया मीडिया कोषांग का निरीक्षण, दिए पारदर्शिता के निर्देश

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत नियुक्त 78-कुशेश्वरस्थान (अ.जा) विधानसभा क्षेत्र के प्रेक्षक अविनाश कंढीबा ढाकने ने आज समाहरणालय परिसर स्थित मीडिया कोषांग, मतदाता हेल्पलाइन 1950 नियंत्रण कक्ष एवं अन्य निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान प्रेक्षक  ने निर्वाचन तैयारियों की विस्तार से जानकारी ली और संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संपन्न हों।

उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

प्रेक्षक  ने मीडिया कोषांग में चल रहे टीवी न्यूज़ चैनलों का अवलोकन किया और पेड न्यूज एवं सोशल मीडिया की निगरानी पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कर्मियों से न्यूज मॉनिटरिंग से जुड़ी विस्तृत जानकारी ली और स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स एवं समाचार माध्यमों पर प्रत्याशियों द्वारा प्रचारित सामग्री पर निरंतर कड़ी नजर रखी जाए।

मीडिया कोषांग द्वारा हिंदी, अंग्रेजी और उर्दू समाचार पत्रों का नियमित अवलोकन किया जा रहा है ताकि पेड न्यूज की पहचान सुनिश्चित की जा सके और चुनाव आचार संहिता का कड़ाई से पालन हो। साथ ही, समाचार पत्रों में प्रकाशित राजनीतिक विज्ञापनों के खर्च का विवरण प्रतिदिन व्यय कोषांग को भेजे जाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

इस अवसर पर मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग कमेटी (एमसीएमसी), मीडिया कोषांग तथा पेड न्यूज निगरानी कार्यों की गहन समीक्षा की गई। प्रेक्षक ने मीडिया कोषांग द्वारा किए जा रहे कार्यों पर संतोष जताया और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

निरीक्षण के दौरान जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी-सह-नोडल पदाधिकारी मीडिया कोषांग श्री सत्येंद्र प्रसाद, उप निदेशक जनसंपर्क श्री सत्येंद्र प्रसाद एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।