दरभंगा शहरी विधानसभा से निर्दलीय उम्मीदवार नफीसूल हक रिंकू का अली असरफ फातमी पर पलटवार:कहा हमारी डील जनता से हुई है,किसी पार्टी से नहीं

दस्तक 7 मीडिया/ दरभंगा 

दरभंगा शहरी विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार नफीसूल हक रिंकू ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूर्व केंद्रीय मंत्री सह राजद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मो.अली अशरफ फातमी के आरोपों का तीखा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि फातमी साहब द्वारा लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह झूठे और बेबुनियाद हैं। रिंकू ने कहा कि दरभंगा की जनता उन्हें अपार समर्थन दे रही है,और वे जनता के भरोसे चुनाव मैदान में उतरे हैं। उन्होंने कहा अगर जनता मुझे मौका देती है,तो मैं इंडिया गठबंधन के हाथों को मजबूत करने का काम करूंगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री सह राजद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मो.अली अशरफ फातमी का आरोप दरभंगा शहरी विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार नफीसूल हक रिंकू एनडीए की तरफ से मुसलमानों का वोट काटने के लिए मैदान में उतारा गया है,नफीसूल हक रिंकू ने कहा यह बिल्कुल गलत बात है। मैं कभी भी फिरका परस्त सांप्रदायिक ताकतों के लिए काम नहीं करूंगा। मेरी लड़ाई फिरका परस्तों के खिलाफ है,उनके साथ नहीं। उन्होंने अली असरफ फातमी को घेरते हुए कहा जब एक बार उन्हें टिकट नहीं मिला था,तब वे खुद एनडीए के साथ चले गए थे और कई सीटों पर महागठबंधन के उम्मीदवारों को हराने का काम किया था। तब उन्हें धर्मनिरपेक्षता की याद क्यों नहीं आई?रिंकू ने कहा कि अब जब उनके बेटे को केवटी विधानसभा से टिकट मिल गया है,तो वे फिर से सेकुलर बात करने लगे हैं। उन्होंने कहा फातमी साहब पूरे जिले की 10 विधानसभा सीटों में से सिर्फ अपने बेटे के लिए टिकट दिलाने में सफल रहे। अगर उन्होंने किसी गरीब,दबे-कुचले,अल्पसंख्यक या अति पिछड़े वर्ग के व्यक्ति को टिकट दिलाने की कोशिश की होती,तो मैं आज भी उनके साथ होता और बागी होकर चुनाव नहीं लड़ता। उन्होंने आगे कहा कि भले ही वे बागी उम्मीदवार हैं,लेकिन उनका दिल आज भी महागठबंधन के साथ है। रिंकू ने साफ कहा हमारी डील किसी पार्टी या व्यक्ति से नहीं,बल्कि हमारी डील दरभंगा की जनता से हुई है। जनता ही हमारी ताकत है,और जनता ही हमारी पहचान है। इंडिया गठबंधन द्वारा दरभंगा सीट से वीआईपी पार्टी के उमेश सहनी को उम्मीदवार बनाए जाने पर भी रिंकू ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा उमेश सहनी को दरभंगा की जनता जानती तक नहीं। उनकी 20 साल की राजनीति में जिले के लिए कोई काम नहीं देखा गया है। ऐसे उम्मीदवारों से जनता खुश नहीं है। रिंकू ने दावा किया कि दरभंगा की जनता अब बदलाव चाहती है और इस बार उनकी सीधी टक्कर भाजपा से होगी। उन्होंने कहा 14 नवंबर को जनता बता देगी कि हमने कितनी मजबूती से चुनाव लड़ा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में नफीसूल हक रिंकू,मो.उमर,मो.कुणाल,आस मोहम्मद मौजूद थे।