छोड़ो सारा काम, चलो करो पहले मतदान। दरभंगा में मतदाता जागरूकता का महाअभियान तेज

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

जिला निर्वाचन पदाधिकारी, दरभंगा के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न विभागों द्वारा मतदाताओं को जागरूक करने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। आगामी 6 नवंबर 2025 को जिले में मतदान होना निर्धारित है। मतदान का समय सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक रहेगा।

जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि इस बार 80 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज हो। इसी उद्देश्य से जीविका, आईसीडीएस, शिक्षा समेत कई विभागों के सहयोग से महा मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

आज जिले के कई प्रखंडों में सीडीपीओ, महिला सुपरवाइजर, सेविका एवं सहायिका द्वारा मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। “छोड़ो सारा काम, चलो करो पहले मतदान” नारे के साथ लोगों को मतदान के महत्व की जानकारी दी गई।

कार्यक्रमों में शपथ ग्रहण, संकल्प, स्लोगन प्रतियोगिता एवं रैली के माध्यम से मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
जागरूकता दूतों में उत्साह देखने को मिला, जो घर-घर जाकर नागरिकों से मतदान में भाग लेने की अपील कर रहे हैं।

जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और 6 नवंबर को अवश्य मतदान करें।