विधानसभा चुनाव को लेकर दरभंगा में सक्रिय हुआ प्रशासन, सभी सीमाओं पर 24 घंटे निगरानी ,वाहनों की सघन जांच जारी

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनज़र दरभंगा जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक दरभंगा ने आज जिले के विभिन्न एसएसटी (Static Surveillance Team) चेक पोस्टों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को वाहनों और व्यक्तियों की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर किसी भी कीमत पर नरमी नहीं बरती जाएगी।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, जिले में आठ से अधिक स्टैटिक चेक पोस्ट सक्रिय हैं, जहां चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है। इन चेक पोस्टों पर प्रतिनियुक्त पदाधिकारी और पुलिस बल लगातार ड्यूटी पर रहकर आने-जाने वाले वाहनों की जांच कर रहे हैं।

मुख्य चेक पोस्ट स्थल

बिठौली (मुजफ्फरपुर सीमा), राजे टोल प्लाजा, राजनगर सीमा, पुनाच (सहरसा सीमा), तिलकेश्वर (खगड़िया सीमा), जमालपुर (समस्तीपुर सीमा), चंदौना (सीतामढ़ी सीमा) तथा मोटगाह (रोसड़ा-बहेड़ी मार्ग)।

शनिवार को जसमलपुर, घेपुरा (केवटी), रोसड़ा-बहेड़ी मार्ग सहित कई स्थानों पर सैकड़ों वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में शामिल कई लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे आदर्श आचार संहिता का पूर्ण रूप से पालन करें और निर्वाचन प्रक्रिया में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जा सके।