दरभंगा में 80 प्रतिशत मतदाताओं को मिली सूचना पर्ची,

शेष वितरण शीघ्र पूरा करने के निर्देश , जिला निर्वाचन पदाधिकारी

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर दरभंगा जिले में मतदाता सूचना पर्ची वितरण का कार्य तेजी से जारी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी  कौशल कुमार के निर्देशानुसार अब तक जिले के कुल 28,82,656 मतदाताओं में से 23,09,772 मतदाताओं को सूचना पर्ची वितरित की जा चुकी है, जो कुल का लगभग 80 प्रतिशत है।

निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप यह कार्य सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है ताकि प्रत्येक मतदाता को अपने मतदान केंद्र, मतदाता क्रमांक एवं अन्य आवश्यक जानकारी अग्रिम रूप से मिल सके।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों तथा बूथ स्तर अधिकारियों को शेष पर्चियों का वितरण निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया है।

जिला प्रशासन ने आम मतदाताओं से अपील की है कि वे प्राप्त मतदाता सूचना पर्ची के आधार पर अपने निर्धारित मतदान केंद्र पर पहुंचकर लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय रूप से भाग लें।