भागलपुर के पिण्डी तिराहे पर एक कबाड़ की दुकान के गोदाम में एक युवक का शव फंदे से लटकता हुआ मिला। पुलिस ने शनिवार दोपहर बाद सूचना मिलने पर शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान पूर्वी चंपारण, बिहार निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है, जो दुकान पर कबाड़ इकट्ठा करने का काम करता था।

मईल थाना क्षेत्र के भागलपुर-पिण्डी तिराहा स्थित शुभम वर्मा की कबाड़ की दुकान पर यह घटना हुई। दोपहर बाद किसी ने पुलिस को गोदाम में शव लटके होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही भागलपुर पुलिस चौकी प्रभारी मदन मोहन मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को फंदे से उतारा। घटनास्थल पर पहुंचे कबाड़ी दुकानदार के भाई से पुलिस ने आवश्यक जानकारी ली।

चौकी इंचार्ज मदन मोहन मिश्रा

चौकी इंचार्ज मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की छानबीन की जा रही है।