29 अक्टूबर को हनुमाननगर में अमित शाह की चुनावी सभा, स्थल निरीक्षण में जुटे डीएम-एसएसपी

दस्तक 7मीडिया ,हनुमाननगर /दरभंगा

बहादुरपुर विधानसभा क्षेत्र के कोलहंटा पटोरी हाई स्कूल मैदान में आगामी 29 अक्टूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी मदन साहनी के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।

सभा की तैयारी को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं एसएसपी जगुन्नाथ रेड्डी जलारेड्डी ने स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रत्याशी प्रतिनिधि गुड्डू कुमार तथा पटोरी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि धीरज कुमार वंशी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्थल प्रबंधन से जुड़े कई दिशा-निर्देश दिए, जिसके बाद मैदान की सफाई और समतलीकरण का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। दो जेसीबी मशीनों के साथ दर्जनों मजदूर लगातार काम में जुटे हैं।

विशनपुर थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार ने बताया कि सभा स्थल तक आने वाले सभी मार्गों पर 100 से 200 मीटर पहले तक वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जिसका निरीक्षण भी किया गया है। वहीं सभा स्थल और हेलीपैड क्षेत्र का माप लेकर निर्वाचन आयोग से कार्यक्रम की औपचारिक स्वीकृति ली जाएगी।

गौरतलब है कि यह कार्यक्रम पहले तारालाही उच्च विद्यालय मैदान में प्रस्तावित था, लेकिन जलजमाव की समस्या के कारण जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने वैकल्पिक स्थल का सुझाव दिया। इसके बाद पटोरी उच्च विद्यालय मैदान को अंतिम रूप दिया गया, जिसे हाल ही में केंद्रीय विद्यालय-2 के लिए विभागीय रूप से हस्तांतरित किया गया है।