छठ पर्व के कारण उत्तर भारत के विभिन्न शहरों से लोग अपने घरों को लौट रहे हैं। इस दौरान कैमूर जिले के भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है। स्टेशन परिसर में चारों ओर ट्रेन का इंतजार करते लोग नजर आ रहे हैं। दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन से यात्रा कर भभुआ रोड पहुंचे विकास कुमार ने अपनी परेशानी बताई।
उन्होंने कहा कि पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में इतनी भीड़ थी कि खड़े होने की भी जगह नहीं मिल रही थी। विकास ने यह भी बताया कि स्पेशल ट्रेनें चल तो रही हैं, लेकिन उनका कोई तय टाइम टेबल नहीं है, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा हो रही है।
टाइम से नहीं चल रही स्पेशल ट्रेनें
एक अन्य यात्री विपुल कुमार ने बताया कि आनंद विहार से भभुआ रोड तक का सफर बेहद मुश्किल रहा। उनके अनुसार, सरकार ने छठ पर्व के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं, लेकिन भीड़ इतनी अधिक है कि सीट मिलने के बावजूद लोग ट्रेन में चढ़ नहीं पा रहे हैं।
साथ ही, स्पेशल ट्रेनें काफी लेट चल रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार को त्योहारों के दौरान आम यात्रियों के लिए बेहतर व्यवस्था करनी चाहिए।
यात्री लक्ष्मण शाह ने बताया कि उन्हें अपने परिवार के साथ बैठने की जगह नहीं मिली। इस कारण उन्हें लगेज बोगी में सफर करना पड़ा। उन्होंने कहा कि घर तो पहुंच गए, लेकिन यात्रा काफी कष्टदायक रही।
गुजरात-दिल्ली से कैमूर लौट रहे यात्री
भभुआ रोड रेलवे स्टेशन प्रबंधक आर.पी. सिंह ने बताया कि गुजरात और दिल्ली से बड़ी संख्या में यात्री कैमूर लौट रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सात अप और सात डाउन छठ स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं। स्टेशन पर अतिरिक्त स्टाफ भी तैनात किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ ट्रेनों के ठहराव का समय भी एक-दो मिनट बढ़ाया गया है।
