सुपौल पुलिस ने राघोपुर में मिनी गन फैक्ट्री का किया भंडाफोड़, एक गिरफ्तार , छह हथियार समेत उपकरण

दस्तक 7मीडिया ,सुपौल जिला /

सुपौल : अवैध हथियारों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सुपौल पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। राघोपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। इस दौरान मौके से छह देशी हथियार, जिंदा कारतूस और हथियार बनाने वाले कई उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुपौल के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वीरपुर श्री सुरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने राघोपुर थाना क्षेत्र के ग्राम तुरकाही वार्ड नंबर 01, रामविशनपुर स्थित गणेश ठाकुर के घर की घेराबंदी कर तलाशी ली।

 

तलाशी के दौरान पुलिस को 05 देशी कट्टा, 01 देशी पिस्टल, 03 जिंदा कारतूस तथा हथियार निर्माण में उपयोग किए जाने वाले अनेक उपकरण जैसे — इलेक्ट्रीक ड्रिल मशीन, ग्राइंडर मशीन, कटर, रेती, पिलाश, बैरल बनाने वाले पाइप, हथौड़ा, सुम्मा, छेनी, सरसी, मोती मशीन आदि बरामद हुए।

गृहस्वामी गणेश ठाकुर को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने हथियारों के निर्माण और बिक्री में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इस संबंध में राघोपुर थाना कांड संख्या 404/2025 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक सुपौल ने बताया कि इस गोरखधंधे में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है तथा वैज्ञानिक जांच के सहयोग से आगे की कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वीरपुर श्री सुरेन्द्र कुमार, थानाध्यक्ष अमित कुमार राय, पु.अ.नि. शिशुपाल रविदास, स्वीटी कुमारी, रामबहादुर सिंह, मुकुल आजाद, सिपाही शिवनारायण दास, कृष्णा कुमार तथा चौकीदार तमन्ना परवेज और सोवराती शामिल थे।