कटिहार के नगर थाना क्षेत्र स्थित खानकाह मोहल्ले में बकरी के गेहूं खाने को लेकर 2 पक्षों में विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ा कि, मारपीट और पत्थरबाजी तक पहुंच गया, जिसमें पांच से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ले के निवासी मो.जमाल ने अपने घर की छत पर गेहूं सुखाने के लिए रखा था। इसी दौरान पास में रहने वाले मो. सद्दाम की बकरी छत पर चढ़ गई और गेहूं खाने लगी। इसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
कहासुनी के बाद चले लाठी-डंडे
देखते ही देखते यह कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद के दौरान दोनों ओर से लाठी-डंडे चले और पत्थरबाजी भी हुई, जिससे आसपास के लोग भयभीत हो गए। इस झड़प में मो. जमाल, मो. मुबारक, मो. सद्दाम और रेहाना खातून सहित कई लोग घायल हुए हैं।
पहले पक्ष के मो. जमाल और मो. मुबारक ने बताया कि, उन्होंने केवल बकरी के गेहूं खाने की शिकायत की थी, लेकिन सद्दाम और उनके परिजनों ने उन पर हमला कर दिया।
एक दूसरे पर लगते रहे आरोप,पुलिस ने कराया शांत
वहीं, दूसरे पक्ष के मो. सद्दाम और उनकी पत्नी रेहाना खातून का कहना है कि, उनकी बकरी ने गलती से गेहूं खा लिया था, लेकिन इस मामूली बात पर जमाल पक्ष ने पहले मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के बाद हाथ की चोट दिखाते घायल।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा है। दोनों पक्षों के आवेदन पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में अक्सर छोटी-छोटी बातों पर इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
