किशनगंज के बहादुरगंज थाना क्षेत्र में NH-327ई पर शुक्रवार देर रात चावल से भरे एक खड़े ट्रक में भीषण आग लग गई। उत्तर प्रदेश नंबर प्लेट वाले इस ट्रक में हजारों बोरियां चावल की थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक के केबिन में चालक छोटे गैस सिलेंडर पर खाना बना रहा था, तभी आग लगी।
आग लगने के बाद ट्रक धू-धू कर जलने लगा, जिससे मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान चालक को किसी तरह केबिन से बाहर निकाला गया। वह घायल हो गया है और उत्तर प्रदेश का निवासी बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरगंज भेजा गया।
घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां पहुचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक ट्रक का इंजन और अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। इस घटना के कारण NH पर लगभग एक घंटे तक भीषण जाम लगा रहा, जिसे पुलिस ने आग बुझने के बाद खुलवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आधे घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शी रोशन कुमार मंडल ने बताया कि उन्होंने अचानक ट्रक में आग लगते देखी। उन्होंने पुलिस के करीब आधे घंटे बाद पहुंचने का दावा किया।
चालक भी झुलसा
वीरपुर निवासी इस्राइल अशरफी ने कहा कि उन्होंने बहादुरगंज थाना, फायर ब्रिगेड और डायल 112 पर लगातार कॉल किया, लेकिन थाने से महज आधा किलोमीटर दूर होने के बावजूद पुलिस 45 मिनट बाद पहुंची। अशरफी ने यह भी बताया कि झुलसे हुए चालक को उन्होंने ही अस्पताल पहुंचाया था।
