दरभंगा में जदयू किसान एवं सहकारिता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष ने पार्टी से दिया इस्तीफा।

दस्तक 7मीडिया ,हनुमाननगर /दरभंगा /

जनता दल (यू) किसान एवं सहकारिता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राम नरेश यादव ने शनिवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता एवं संगठनात्मक सभी पद से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने अपने इस्तीफे की प्रति प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार को भेजा है।

त्यागपत्र में श्री यादव ने लिखा है कि जदयू ने अपने 15 वर्षों के शासनकाल में पिछड़ा वर्ग के लोगों से भरपूर समर्थन और वोट तो प्राप्त किया, लेकिन शासन व संगठन दोनों स्तरों पर इस वर्ग की लगातार उपेक्षा की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विशेषकर यादव समाज सहित अन्य पिछड़ा वर्ग आज स्वयं को ठगा और उपेक्षित महसूस कर रहा है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा भी पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित एवं महादलित समाज के लोगों को अपमानित करने का कार्य किया जा रहा है, जो अत्यंत दुखद है। ऐसी परिस्थिति में वे अब पार्टी में रहना मुनासिब नहीं समझते हैं।

श्री यादव ने कहा कि वे समाज के हितों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे और आने वाले समय में जनता के बीच अपनी बात को मजबूती से रखेंगे।