लोकतंत्र की मजबूती के लिए करें मतदान! नवटोल ग्राम में जीविका दीदियों ने छेड़ा जन चेतना अभियान, भवानीपुर पंचायत में सफल जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ द्वारा मतदाता जागरूकता सभा का आयोजन
लोकतंत्र की मजबूती के लिए करें मतदान! नवटोल ग्राम में जीविका दीदियों ने छेड़ा जन चेतना अभियान, भवानीपुर पंचायत में सफल जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ द्वारा मतदाता जागरूकता सभा का आयोजन
लोकतंत्र की मजबूती के लिए करें मतदान! नवटोल ग्राम में जीविका दीदियों ने छेड़ा जन चेतना अभियान, भवानीपुर पंचायत में सफल जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ द्वारा मतदाता जागरूकता सभा का आयोजन
दस्तक7मिडिया, बिरौल, दरभंगा।
06 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने और लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने के उद्देश्य से भवानीपुर पंचायत के नवटोल ग्राम में एक विशाल मतदाता जागरूकता सभा का आयोजन किया गया। सफल जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ के तत्वावधान में आयोजित इस सभा में मतदाताओं को संविधान द्वारा प्रदत्त मताधिकार का प्रयोग कर राष्ट्र निर्माण में अपनी महती भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए बिरौल प्रखंड परियोजना प्रबंधक (बीपीएम) आमोद कुमार शर्मा ने मतदाताओं को सर्वोपरि बताते हुए कहा, “लोकतंत्र में मतदाता सर्वोपरि हैं। संविधान में प्रदत्त मताधिकार का प्रयोग कर ही हम एक मजबूत सरकार बना सकते हैं।”
उन्होंने अपील की कि प्रत्येक मतदाता 06 नवंबर को मतदान अवश्य करे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित कर एक जागरूक मतदाता की जिम्मेदारी निभाए। बीपीएम शर्मा ने जीविका दीदियों की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि “जीविका दीदियाँ घर-घर जाकर मतदाताओं को मतदान हेतु प्रेरित करेंगी, तभी ज़िले का मतदान प्रतिशत बढ़ेगा।” उन्होंने जीविका दीदियों और कैडर को इस जन चेतना अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
क्षेत्रीय समन्वयक मनोज कुमार ने अपने संबोधन में मतदाताओं को जागरूक करते हुए कहा, “हर एक वोट अमूल्य है। एक वोट से अच्छी सरकार बनती है और बिखरती भी है।” उन्होंने सभी मतदाताओं से विकसित एवं संपन्न राज्य बनाने के लिए सोच-समझकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया।
मतदाता जागरूकता अभियान को रोचक और प्रभावी बनाने के लिए एमबीके अंकिता प्रिया के नेतृत्व में रंगोली के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया गया। सी.एल.एफ. (संकुल स्तरीय संघ) की अध्यक्ष झुना देवी के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता सभा का शुभारंभ नारों की गूंज के साथ हुआ। प्रमुख नारे थे:
सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो।
लोकतंत्र का मान रखो, घर से निकल वोट दो।
पहले मतदान, तब करो जलपान।
सभा के उपरांत सफल जीविका महिला संकुल संघ की सचिव गुड़िया देवी के नेतृत्व में एक विशाल जागरूकता रैली निकाली गई। यह रैली “घर-घर को संदेश दो, वोट दो वोट दो, सारे काम छोड़ दो, 06 तारीख को वोट दो” सरीखे नारों के साथ नवटोल गाँव के अल्पसंख्यक, दलित और महादलित टोलों एवं मुहल्लों में गई और मतदाताओं को जागरूक किया।
इस महत्त्वपूर्ण सभा को क्षेत्रीय समन्वयक मनोज कुमार, सामुदायिक समन्वयक राकेश रौशन, जीविकोपार्जन विशेषज्ञ तपन कुमार,बबली कुमारी, सिम्पी कुमारी, रुणा कुमारी,धीरेंद्र कुमार,पूनम कुमार, सफीना खातून, महालक्षम देवी, प्रदीप साह, और जितेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य ने भी संबोधित किया।