अस्पताल में बच्ची की लाश के पास रोती बिलखती उसकी मां।
भागलपुर में मम्मी के साथ गंगा स्नान करने गए तीन बच्चे गंगा नदी में डूब गए। दो को लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक की डूबने से मौत हो गई। घटना नारायणपुर प्रखंड के भवानीपुर थाना क्षेत्र के मथुरापुर जहाज घाट पर हुई। मृतका की पहचान खरिक थाना क्षेत्र के दयालपुर निवासी संजय शाह की बेटी रिया कुमारी (10) के रूप में हुई है।
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर सभी गंगा स्नान करने के लिए जहाज घाट पर पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शी सुभाष कुमार ने बताया कि गंगा स्नान के दौरान तीन बच्चे डूब रहे थे, तभी उनकी नजर पड़ी। इसके बाद वे पांच युवकों के साथ तुरंत गंगा में कूद पड़े। दो बच्चों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। लेकिन एक का पता नहीं चल पाया।
सुभाष ने कहा कि दो बच्चों को डूबता देख लोगों ने उन्हें बचा लिया।
सुभाष ने कहा कि दो बच्चों को डूबता देख लोगों ने उन्हें बचा लिया।
काफी खोजबीन के बाद बच्ची की लाश मिली। परिजन उसे जिंदा समझकर निजी वाहन से रेफरल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की मां इंदु देवी ने बताया कि वे गांव के 10 लोगों के साथ गंगा स्नान करने आई थीं। बच्चों को गंगा स्नान कर बाहर निकाल दिया था। हम कपड़ा बदलने गई थीं, इसी दौरान बच्चे दोबारा गंगा में नहाने लगे और उसी में रिया की डूबने से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि दो बच्चों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया है।
उधर, घटना की सूचना मिलने के बाद भवानीपुर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
