लालू-राबड़ी के जंगलराज पर हमला:अमित शाह ने सीवान की धरती को देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की कर्मभूमि बताते हुए कहा अमित शाह ने कहा कि इस भूमि को लालू-राबड़ी के जंगलराज और शहाबुद्दीन के खौफ ने लहूलुहान किया था. शाह ने राजद पर तंज कसते हुए कहा कि लालू यादव ने शहाबुद्दीन के बेटे को रघुनाथपुर से टिकट देकर उनकी पीठ थपथपाई है, लेकिन सिवान की जनता अब इसे बर्दाश्त नहीं करेगी.
“सिवान ने शहाबुद्दीन के अत्याचार, हत्याएं और खौफ देखा है, लेकिन यहां की जनता कभी झुकी नहीं. लालू-राबड़ी के जंगलराज में पुलिस अधिकारियों पर हमले हुए, व्यवसायियों के बेटों को तेजाब से नहलाया गया, फिर भी सीवान की जनता ने जंगलराज को उखाड़ फेंका.”– अमित शाह, केंद्रीय मंत्री
शहाबुद्दीन के बेटे को नहीं जीतने देंगे:गृह मंत्री ने शहाबुद्दीन के बेटे को टिकट देने के राजद के फैसले पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि लालू यादव ने फिर से शहाबुद्दीन के बेटे को रघुनाथपुर से मैदान में उतारा है. वे सिवान की जनता से कहने आए हैं कि अब मोदी जी और नीतीश कुमार जी का राज है. 100 शहाबुद्दीन भी आएं, तो भी किसी का बाल बांका नहीं हो सकता. शाह ने जनता से आह्वान किया कि वे शहाबुद्दीन की विचारधारा को बढ़ने न दें और बिहार में जंगलराज को वापस न आने दें.
मोदी-नीतीश के सुशासन की तारीफ:अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में किए गए विकास कार्यों का जिक्र किया. उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार ने बिहार को जंगलराज से मुक्त किया है और एनडीए सुशासन के साथ चुनाव लड़ रहा है. नरेंद्र मोदी ने देश को विकास की पटरी पर लाया है.” उन्होंने पूर्ववर्ती मनमोहन सिंह सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार में आतंकियों को बिरयानी खिलाई जाती थी, लेकिन हमारी सरकार में ऑपरेशन सिंदूर जैसे कड़े कदम उठाए गए हैं.
महागठबंधन और राहुल गांधी पर तंज:शाह ने महागठबंधन के सीट बंटवारे को भी आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि महागठबंधन में सीट बंटवारा भी ठीक नहीं हुआ. लालू यादव को अब जवाब देने का समय आ गया है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि राहुल बाबा कहते हैं कि घुसपैठियों को बिहार में रहने देना चाहिए. अगर हमारी सरकार बनी, तो एक-एक घुसपैठिए का हिसाब लिया जाएगा.
जनता से एनडीए को जिताने की अपील:अमित शाह ने सीवान की जनता से एनडीए के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा, “बिहार में जंगलराज को वापस नहीं आने देना है. सिवान की धरती पर शहाबुद्दीन जैसे लोगों को दोबारा मौका नहीं देना है.” उन्होंने बड़हरिया से जदयू प्रत्याशी इंद्रदेव सिंह पटेल सहित जिले के सभी आठ एनडीए प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने का आह्वान किया.
मंच पर मौजूद रहे प्रमुख नेता:सभा के दौरान मंच पर बड़हरिया से जदयू प्रत्याशी इंद्रदेव सिंह पटेल सहित सिवान जिले के सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों के एनडीए प्रत्याशी मौजूद थे. अमित शाह के भाषण ने जनसभा में मौजूद लोगों में जोश भर दिया, और उन्होंने तालियों और नारों के साथ उनका समर्थन किया.
