कैमूर के कुदरा थाना क्षेत्र के बहुआरा गांव में स्नेक बाइट से महिला की मौत हो गई। बुधवार दोपहर घास काटने गई 40 वर्षीय सुमन देवी को एक जहरीले सांप ने काट लिया था।
सांप के काटने के बाद सुमन देवी दर्द से कराहने लगीं। आसपास कोई न होने के कारण उन्हें तत्काल मदद नहीं मिल पाई। परिजनों ने ग्रामीणों की सलाह पर उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक के लिए UP ले गए।
वहां, कई घंटों तक झाड़-फूंक चलती रही, लेकिन उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। जब सुमन देवी की स्थिति बिगड़ने लगी, तो परिजन उन्हें भभुआ के सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।
वहां चिकित्सक डॉ. साहिल राज ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉ. राज ने बताया कि यदि समय रहते उचित चिकित्सीय इलाज मिलता, तो महिला की जान बचाई जा सकती थी।
ग्रामीणों ने की मुआवजे की मांग
ग्रामीणों के अनुसार, सुमन देवी प्रतिदिन अपने पशुओं के लिए घास काटने जाती थीं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने लोगों से सांप काटने के बाद झाड़-फूंक के बजाय तत्काल डॉक्टरी इलाज कराने के प्रति जागरूकता फैलाने का भी आग्रह किया है।
बुधवार की दोपहर लगभग 2:00 बजे सांप ने काटा था उसी समय यह लोग झाड़ फूंक करने के लिए उत्तर प्रदेश चले गए। गुरुवार की दोपहर जब मृत्यु हो गई तो सदर अस्पताल भभुआ लेकर आए। जहां चिकित्सक जांच कर मृत्यु घोषित कर दिए। फिर गुरुवार की शाम को पोस्टमार्टम की कार्रवाई हुई उसके बाद यह खबर दी गई थी।
