जीविका दीदियाँ घर-घर पहुँचाएँगी मतदान का संदेश,

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने दिलाई मतदाता शपथ।

जीविका अब महिला सशक्तिकरण ही नहीं, सामाजिक परिवर्तन की ताकत है : डीएम
दरभंगा में जीविका दीदियाँ बनीं मतदाता जागरूकता की अग्रदूत
लक्ष्य – दरभंगा शत-प्रतिशत मतदान करेगा

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत मतदाता जागरूकता अभियान को गति देने हेतु आज लहेरियासराय स्थित प्रेक्षागृह में एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कौशल कुमार ने की। इस अवसर पर दरभंगा सदर, मनीगाछी और तारडीह प्रखंडों की सैकड़ों जीविका दीदियाँ उत्साहपूर्वक शामिल हुईं।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि “जीविका अब केवल एक संस्था नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण और सामाजिक परिवर्तन की सशक्त प्रतीक बन चुकी है।” उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता में जीविका दीदियों की भूमिका सराहनीय है, क्योंकि जीविका की सबसे बड़ी ताकत इसकी व्यापक पहुँच है जो समाज के हर घर तक फैली हुई है।

डीएम ने बताया कि जिले के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में 6 नवंबर 2025 को मतदान होगा, जिसका समय सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक निर्धारित है। उन्होंने कहा कि “मतदान दिवस अब मात्र 14 दिन दूर है, इसलिए आज से ही सभी मतदाताओं को मतदान हेतु प्रेरित करें और जिले का मतदान प्रतिशत 80% से अधिक करने का संकल्प लें।”

डीएम ने जीविका दीदियों से आह्वान किया कि वे सबसे पहले स्वयं मतदान करें और तत्पश्चात घर-घर जाकर दूसरों को मतदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा  “आस्था का महापर्व छठ है और लोकतंत्र का महापर्व मतदान। किसी भी योग्य मतदाता को मतदान से वंचित नहीं रहना चाहिए।”

उन्होंने विशेष रूप से छठ पर्व पर घर लौटने वाले प्रवासी मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। डीएम ने निर्देश दिया कि ग्राम संगठनों द्वारा तैयार लाइन लिस्टिंग के आधार पर घर-घर जाकर मतदाता जागरूकता को अभियान का रूप दिया जाए।

सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी सत्येन्द्र प्रसाद ने कहा “अब समय है कि हम अपने संवैधानिक अधिकार को अपने कर्तव्य में बदलें। लोकतंत्र की सच्ची भावना तभी साकार होगी जब हर नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग करेगा।”

डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी ने कहा कि प्रत्येक जीविका समूह अपने क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाए और घर-घर जाकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करे ताकि जिले के मतदान प्रतिशत में अभूतपूर्व वृद्धि हो सके।

कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों ने गीत, कविताओं और नारों के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। मंजू देवी सहित कई दीदियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे गाँव-गाँव जाकर लोगों को यह संदेश दे रही हैं कि “मतदान समानता और सशक्त लोकतंत्र की कुंजी है।”

कार्यक्रम में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री सत्येन्द्र प्रसाद, संचार प्रबंधक राजा सागर, विषयगत प्रबंधक, तथा सदर, मनीगाछी और तारडीह प्रखंडों के जीविका कर्मी एवं सैकड़ों जीविका दीदियाँ उपस्थित रहीं।