दरभंगा में बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए ईवीएम का द्वितीय रैंडमाइजेशन संपन्न

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत दरभंगा जिले में ईवीएम (EVM) का द्वितीय रैंडमाइजेशन प्रक्रिया आज समाहरणालय परिसर स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर सभागार में संपन्न हुई। यह प्रक्रिया संबंधित निर्वाची पदाधिकारी द्वारा भारत निर्वाचन आयोग के प्रतिनियुक्त प्रेक्षक एवं चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों/उनके प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पूरी की गई।

द्वितीय रैंडमाइजेशन के दौरान प्रथम रैंडमाइजेशन के उपरांत उपलब्ध ईवीएम मशीनों को यादृच्छिक (random) रूप से विधानसभा क्षेत्रवार तथा मतदान केंद्रवार आवंटित किया गया। वहीं, शेष बची ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को सुरक्षित रखा गया, जिनका उपयोग आवश्यकतानुसार खराब मशीनों के स्थान पर किया जाएगा।

यह पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के EVM Management System (EMS) पोर्टल के माध्यम से की गई। आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, ईवीएम रैंडमाइजेशन से जुड़ी विस्तृत जानकारी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन मैनुअल में उल्लिखित है, जो आयोग की वेबसाइट https://www.eci.gov.in/evm&vvpat पर उपलब्ध है।

दरभंगा जिले के 78-कुशेश्वरस्थान (अ.जा.), 79-गौड़ाबौराम, 80-बेनीपुर, 81-अलीनगर, 82-दरभंगा ग्रामीण, 83-दरभंगा, 84-हायाघाट, 85-बहादुरपुर, 86-केवटी एवं 87-जाले विधानसभा क्षेत्रों के लिए यह रैंडमाइजेशन संपन्न हुआ। प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद मतदान केंद्रवार आवंटित ईवीएम की सूची एवं सुरक्षित (Reserve) ईवीएम की सूची सभी प्रत्याशियों के साथ साझा की गई। ये ईवीएम आगामी मतदान दिवस पर संबंधित मतदान केंद्रों पर उपयोग में लाई जाएंगी।