कैमूर के मोहनिया थाना क्षेत्र के दसौती गांव में पोखरे में डूबने से एक 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बच्चा अपने दोस्तों के साथ नहाने गया था, तभी वह गहरे पानी में चला गया। मृतक की पहचान दसौती गांव निवासी प्रेमचंद खरवार के बेटे कन्हैया खरवार(12) के रूप में हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, कन्हैया अपने दोस्तों के साथ पोखरे में नहा रहा था। कुछ देर बाद जब वह पानी में नहीं दिखा, तो साथ के बच्चों ने शोर मचाया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कन्हैया को पोखरे से बाहर निकाला। बच्चे को तुरंत मोहनिया अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर से परिजनों में शोक छा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया।
गहरे पानी में जाने से डूबी
ग्रामीणों ने बताया कि जिस पोखरे में यह हादसा हुआ, उसमें हाल की बारिश के कारण पानी का स्तर काफी बढ़ गया था। बच्चों को गहराई का अंदाजा नहीं लग पाया, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव के सभी पोखरों और गहरे जलाशयों के पास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। गांव में इस घटना के बाद गम का माहौल है।
