किशनगंज शहर के कजला मनी, मिलनपल्ली में एक बंद घर में चोरी की बड़ी वारदात हुई है। अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर लाखों रुपये नकद और जेवरात चुरा लिए। यह घटना तब हुई जब गृहस्वामी अजीत कुमार झा अपने परिवार के साथ दीपावली मनाने कोचाधामन प्रखंड के अशूरा गांव गए हुए थे।
अलमारी का लॉकर टूटा,सारा सामान बिखरा पड़ा
अजीत झा को गुरुवार सुबह मोहल्ले वालों ने फोन पर घर का ताला टूटने की सूचना दी। उन्होंने एक परिचित को घर देखने भेजा, जिसने चोरी की पुष्टि की। घर लौटने पर अजीत झा ने देखा कि अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था और सारा सामान बिखरा पड़ा था।
चोरों ने लगभग 3 लाख 70 हजार रुपये नकद, 7 भर सोने के जेवरात और 20 भर चांदी के गहने चुरा लिए। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
यहां देखें चोरी की घटना के बाद की फोटो…
चोरी के बाद पुलिस मौके पर करती छानबीन।
चोरी के बाद घर का बिखरा सामान।
स्थानिय लोगों ने की गश्त बढ़ाने की मांग
इस घटना ने शहर में पुलिस की रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। इस वारदात से लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
